-
Advertisement
किन्नौर में 6 दिन से लापता वाहन गहरी खाई में मिला, दो युवकों की मौ#त; शव निकालने के लिए NDRF की मदद
Himachal Acccident: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बीते छह दिनों से लापता एक वाहन मंगलवार सुबह मंगलाघाट खड्ड के पास गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त मिला। इस हादसे में वाहन में सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। हादसा इतनी गहरी खाई में हुआ है कि शवों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।
मृतकों की पहचान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए दोनों युवक किन्नौर जिले के ही रहने वाले थे और उनका संबंध तंगलिंग क्षेत्र से बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान अरविंदर नेगी (28 वर्ष) पुत्र अनिल कुमार, निवासी गांव पोवारी, तहसील कल्पा b प्रशांत गंधर्व (22 वर्ष): पुत्र मनोहर लाल, निवासी गांव पोवारी, जिला किन्नौर के रूप में हुई है।
9 सितंबर से लापता था वाहन
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को रिकांगपियो पुलिस स्टेशन में इस वाहन के लापता होने की सूचना दर्ज कराई गई थी। वाहन नया था और उस पर नंबर की जगह ‘अप्लाइड’ (Applied) लिखा हुआ था। शिकायत मिलने के बाद से ही पुलिस और संबंधित टीमें लगातार वाहन और दोनों युवकों की तलाश में जुटी हुई थीं।
मंगलवार सुबह खड्ड में मिला क्षतिग्रस्त वाहन
लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान मंगलवार सुबह तलाश टीम को मंगलाघाट खड्ड (छोटी नदी) के पास यह वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हालत में दिखाई दिया। मौके पर पहुंचने पर पुष्टि हुई कि वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की जान जा चुकी है।
शव निकालने के लिए NDRF तलब
हादसा एक बेहद दुर्गम और गहरी खड्ड में हुआ है, जहां पैदल पहुंचना भी एक बड़ी चुनौती है। भौगोलिक परिस्थितियां कठिन होने के कारण दोनों शवों को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा है। इसके मद्देनजर, पुलिस ने शवों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) और अन्य विशेषज्ञ रेस्क्यू टीमों की मदद मांगी है।पुलिस का कहना है कि शवों को खाई से बाहर निकालने के बाद उनका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और उसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। फिलहाल पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि यह हादसा किन परिस्थितियों में और कैसे हुआ।
अनु गुप्ता
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
