-
Advertisement
केहर खाची के बयान पर भड़के विक्रमादित्य, कुलदीप राठौर के समर्थन में उतरकर दिया करारा जवाब
Vikramaditya Singh:हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में नेताओं की आपसी बयानबाजी से एक बार फिर सियासी माहौल गरमा गया है। ठियोग में वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची द्वारा विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर को लेकर दिए गए विवादित बयान पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जोरदार पलटवार किया है। विक्रमादित्य सिंह ने कुलदीप राठौर का खुलकर समर्थन करते हुए उन्हें हिमाचल प्रदेश की राजनीति का एक कद्दावर, सशक्त और प्रतिष्ठित चेहरा करार दिया है।
खाची के ‘11 लोग भी नहीं जानते’ वाले बयान पर साधा निशाना
दरअसल, ठियोग में एक कार्यक्रम या बातचीत के दौरान केयर सिंह खाची ने कथित तौर पर कहा था कि “11 लोग भी कुलदीप राठौर को नहीं जानते।” इस बयान के बाद से ही पार्टी के भीतर चर्चाओं और गुटबाजी का बाजार गर्म हो गया था। इसी पर जवाब देते हुए विक्रमादित्य सिंह ने स्पष्ट किया कि चार दशकों के लंबे राजनीतिक सफर और संगठन के प्रति समर्पण को किसी एक बयान से आंका या नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
NSUI से प्रदेश अध्यक्ष तक का सफर और सत्ता में वापसी की नींव
विक्रमादित्य सिंह ने कुलदीप राठौर की राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि राठौर ने छात्र राजनीति (NSUI) के अध्यक्ष पद से लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष तक का सफर तय किया है। उन्होंने लगभग 40 साल तक संगठन को मजबूत करने में खपाए हैं।उन्होंने कहा कि जब पार्टी विपक्ष में थी, तब कुलदीप राठौर ने अध्यक्ष के रूप में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट रखा और पार्टी को मजबूत किया। हिमाचल में कांग्रेस को वापस सत्ता में लाने में उनकी संगठनात्मक मेहनत का बेहद महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
“सच्चे नेतृत्व की पहचान पदों से नहीं, निष्ठा से होती है”
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुछ जननेताओं को किसी औपचारिक परिचय की जरूरत नहीं होती, उनका संघर्ष और जनता के प्रति जवाबदेही ही उनकी असली पहचान होती है। कुलदीप राठौर पहली बार विधानसभा चुनाव लड़कर जीते हैं, लेकिन चुनावी राजनीति से परे संगठन के लिए उनकी दूरदर्शी सोच और कार्यशैली कांग्रेस पार्टी व प्रदेश के लिए अमूल्य है।
विक्रमादित्य सिंह के इस कड़े रुख से साफ हो गया है कि संगठन के भीतर कुलदीप राठौर के राजनीतिक कद और उनके योगदान को लेकर एक मजबूत और एकजुट समर्थन खड़ा है।
संजू चौधरी
