-
Advertisement
हिमाचल की 1276 पंचायतों में वोटिंग शुरू, चुनी जाएगी गांव की सरकार, मतदान केंद्रों के बाहर लगी लाइनें
Himachal Panchayat Election: हिमाचल में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में आज 1276 पंचायतों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। 17.30 लाख मतदाता उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू गई है और शाम 3 बजे तक चलेगी। मतदान केंद्रों के बाहर मतदान के लिए लाइनें लगी है। जिन पंचायतों में वोटिंग हो रही है, वहां ड्राइ-डे रहेगा। इस दौरान शराब ठेके, बीयर बार, शराब परोसने वाले होटल भी बंद है। मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद संबंधित पंचायतों में मतगणना शुरू होगी और देर रात तक करीब 8,918 पंचायत वार्ड सदस्य, उपप्रधान और प्रधान पदों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए डाले गए मतों की गिनती 31 मई को की जाएगी। उसी दिन इन पदों पर जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा भी होगी।

सबसे ऊंचे मतदान केंद्र में वोटिंग
प्रदेश के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र कॉमिक में मतदान हो रहा है। इस केंद्र में 77 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे, जिसमें 37 पुरूष और 40 महिलाएं शामिल हैं। कॉमिक मतदान केंद्र को पिंक बूथ बनाया गया है। इस मतदान केंद्र का महिला पोलिंग पार्टी ही संचालन करेगी। लाहौल-स्पीति जिले के विकास खंड स्पीति की लांगजा पंचायत के अंतर्गत 4,587 मीटर की ऊंचाई पर स्थित प्राथमिक पाठशाला कॉमिक में मतदान केंद्र स्थापित किया है।
बेहतर मतदान प्रतिशत की उम्मीद
आयोग को इस बार भी पंचायत चुनाव में बेहतर मतदान प्रतिशत की उम्मीद है। चुनाव में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए आयोग ने अतिरिक्त मतपेटियां और अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की है। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

