-
Advertisement
ऊना में बारिश का कहरः कोर्ट परिसर और SP Office में तैरती दिखी कुर्सियां और फर्नीचर
ऊना। सुबह से ऊना (Una) जिला में हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। जिला मुख्यालय के सरकारी दफ्तरों (Government Offices), कोर्ट परिसर व सरकारी आवासों सहित जिला के विभिन्न हिस्सों में लोगों के घरों और दुकानों में बरसाती पानी घुस गया। इससे लोगों को खासी परेशानियों को सामना करना पड़ा। वहीं, कई कार्यालयों में तो कर्मी सरकारी दस्तावेजों को बरसाती पानी से बचाते नजर आए।
यह भी पढ़ें: आधा घंटा बरसा पानी और खुल गई आपदा प्रबंधन का पोल, DSP Office में तैर रही मछलियां

कोर्ट परिसर सहित एसपी ऑफिस (SP Office) में दो से तीन फीट तक पानी के बीच कुर्सियां और फर्नीचर तैरने लगे। इसके अलावा यहां के कई अन्य कार्यालयों में भी पानी और कीचड़ घुस गया। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था ना होने के कारण पूरा प्रशासनिक परिसर तालाब में तब्दील हो गया।
यह भी पढ़ें: सतलुज में बहाई लाहन और जहरीली शराब, पानी के ऊपर तैरती दिखीं हजारों मछलियां

तेज बारिश के बाद जिला मुख्यालय ऊना पानी की उचित निकासी ना होने के कारण जलमग्न हो गया। सीजन की तीसरी तेज बारिश ने प्रशासन की बरसात से निपटने के दावों को धो दिया है। सरकारी कार्यालय और आवास में पानी ही पानी हो गया। सरकारी घरों व कार्यालय से पानी निकालने के लिए दमकल विभाग (Fire Department) की टीम काफी देर तक जुटी रही।

डीसी और सीएजेएम आवास, मिनी सचिवालय (Mini Secretariat) और न्यायालय परिसर में बारिश का पानी भर गया, जिसे निकालने में कार्यालयों में तैनात कर्मियों को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी। जिला ऊना के विभिन्न हिस्सों में भी कई स्थानों पर लोगों के घरों और दुकानों में बरसाती पानी ने खूब तबाही मचाई। घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

सोमवार सुबह से जारी बारिश से स्वां नदी समेत जिले की बाकी खड्डों का जलस्तर भी बढ़ गया है। जिला कोर्ट में सेवाएं देने वाले वकीलों (Advocate) और पुलिस (Police) कर्मियों की माने तो हर बारिश में यही हाल रहता है, जबकि इससे बिमारियों का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने प्रशासन और सरकार से जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग उठाई है।

