-
Advertisement
ईगो हारा, प्यार जीता: अदालत में पत्नी ने फाड़े तलाक के कागजात, पति के गले लगकर फूट-फूटकर रोई
Viral Video: “कहते हैं कि प्यार में जब अहंकार हार जाता है, तो रिश्ता अपने आप स्वर्ग बन जाता है।… दिल्ली डिस्ट्रिक्ट कोर्ट से एक ऐसा ही दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है, जिसने कोर्ट रूम में मौजूद न्यायाधीशों और वकीलों सहित सोशल मीडिया पर हर किसी की आँखें नम कर दी हैं। आपसी विवाद के बाद तलाक की कगार पर पहुंच चुका एक परिवार, दामाद के एक नेक फैसले की वजह से बिखरने से बच गया। कोर्ट रूम के इस भावुक मिलन का वीडियो इस वक्त इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शादी से कोर्ट-कचहरी तक का सफर
बात साल 2020 की है, जब सौरभ और शिखा सिंह की शादी हुई थी। शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों के बीच आपसी मतभेद और झगड़े इतने बढ़ गए कि बात कोर्ट तक पहुंच गई। गुस्से और कड़वाहट में आकर शिखा ने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करा दिया। दोनों के बीच दूरियां इस कदर बढ़ीं कि उन्होंने कोर्ट से कानूनी तौर पर तलाक (Divorce) की मांग कर ली। हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह बिखरने की कगार पर खड़ा था।
जब दामाद ने निभाया ‘बेटे’ का फर्ज,कहानी का टर्निंग पॉइंट
इस पूरे अदालती विवाद और तनाव का सबसे बुरा असर शिखा के पिता की सेहत पर पड़ा। इसी तनाव के चलते कोर्ट की सुनवाई से ठीक 10 दिन पहले उन्हें दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ गया। उन्हें एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जैसे ही पति सौरभ को अपने ससुर की इस गंभीर हालत का पता चला, वह अपने सारे गिले-शिकवे और गुस्सा भूल गए। सौरभ तुरंत अस्पताल पहुंचे और बिना समय गंवाए ससुर को सरकारी अस्पताल से डिस्चार्ज करवाकर गुरुग्राम के नामी मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां उन्होंने अपने ससुर का सबसे बेहतरीन इलाज करवाया और उनकी जान बचा ली। सौरभ ने इस मुश्किल वक्त में एक दामाद नहीं, बल्कि बेटे का फर्ज निभाया।
तलाक और धोखेबाजी के दौर में ये ख़बर आपको सुकूँ देगी। ❤️🤗
प्रेम में ईगो हटा दें तो जन्नत जैसा गुज़रेगा हर दिन अपने साथी के साथ। प्रेम समर्पण माँगता है।
2020 में शादी हुई सौरभ-शिखा सिंह की। किसी बात पर पति से झगड़ा हो गया। बस फिर क्या केस कर दिया खुद ही दहेज उत्पीड़न का और तलाक… pic.twitter.com/7TkjYOvfNK
— Ashwini Yadav (@iamAshwiniyadav) June 12, 2026
कोर्ट रूम में ‘फिल्मी’ ट्विस्ट: फाड़ दिए तलाक के कागजात
मामले में असली और सबसे खूबसूरत मोड़ तब आया, जब दिल्ली डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दोनों के तलाक के केस की सुनवाई थी। सौरभ और शिखा अदालत में एक-दूसरे के आमने-सामने खड़े थे। लेकिन शिखा के दिल में अब पुराना गुस्सा नहीं, बल्कि पति के इस बड़प्पन के लिए बेपनाह प्यार और इज्जत थी।
शिखा ने बिल्कुल फिल्मी अंदाज में कोर्ट रूम में सबके सामने तलाक के सारे कागजात फाड़कर फेंक दिए और दौड़कर अपने पति सौरभ के गले लग गईं। इस भावुक पल को देखकर जज और वकील भी हैरान रह गए। दोनों काफी देर तक कोर्ट रूम में ही फूट-फूटकर रोते रहे और अपने रिश्ते को एक नया मौका देने का फैसला किया।
सोशल मीडिया पर तारीफों का सैलाब
इस भावुक पल का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद लोग सौरभ के बड़प्पन और शिखा के इस सूझबूझ भरे फैसले की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा: “रिश्तों में आती दरार को अगर ईगो से हटकर संभाला जाए, तो रिश्ते बिगड़ने से बच जाएंगे।”
दूसरे यूजर ने कमेंट किया: “देर आए दुरुस्त आए, आखिर में प्यार की जीत हुई।”
एक अन्य यूजर का कहना था: “यह हकीकत की कहानी तो एकदम फिल्मी हैप्पी एंडिंग जैसी हो गई।”
पंकज शर्मा

