-
Advertisement
शिमला में विंटर कार्निवल : महिलाओं ने डाली महानाटी, परेड में दिखी हिमाचली संस्कृति
Winter Carnival Shimla : पहाड़ों की रानी शिमला में विंटर कार्निवल शुरू हो गया है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार्निवल का आगाज ‘सांस्कृतिक परेड’ को हरी झंडी दिखाकर किया। यह परेड रिज से शुरू होकर लिफ्ट, मालरोड और स्कैंडल प्वाइंट से गुजरते हुए टाउन हॉल तक निकाली गई। सांस्कृतिक परेड में प्रदेश के 12 जिलों से आए 272 लोक कलाकार भाग ले रहे है। इस परेड में हिमाचल की विविध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली।
शिमला में विंटर कार्निवल शुरू हो गया….कार्निवल में महानाटी आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने सामूहिक नाटी डाली pic.twitter.com/CVHHHm264J
— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) December 24, 2025
206 महिलाएं एक साथ नाटी पर थिरकीं
कार्निवल में विशेष आकर्षण के रूप में महानाटी रही, जिसमें पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने सामूहिक नाटी डाली। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित इस महानाटी में दो ब्लाकों की 206 महिलाएं एक साथ नाटी पर थिरकीं। इसमें शिमला शहरी ब्लॉक से 86 और मशोबरा ब्लॉक की 120 महिलाएं शामिल हैं। सभी महिलाओं ने पारंपरिक परिधान रेजटा और धाटू के साथ हिमाचल की संस्कृति प्रदर्शित की। इस दौरान स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों ने भी नाटी में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
न्यू ईयर तक संगीत, मनोरंजन और स्टार नाइट चलेगी
विंटर कार्निवल में क्रिसमस इव से लेकर न्यू ईयर तक संगीत, मनोरंजन और स्टार नाइट चलेगी। यानी देशभर से शिमला पहुंचने वाले टूरिस्ट का भरपूर मनोरंजन हो रहा है और 31 दिसंबर तक चलता रहेगा। कार्निवल के पहले दिन ‘वॉयस ऑफ शिमला’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। इसके बाद रात सात बजे से स्टार नाइट का आयोजन होगा, जो युवाओं और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहेगा। पहली जनवरी तक स्थानीय लोगों के साथ बाहरी राज्यों से पर्यटकों को हिमाचल की लोक संस्कृति, वेशभूषा, संगीत और नृत्य को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

