-
Advertisement
अग्निपथ योजना के विरोध में ऊना में युवा कांग्रेस ने फिर किया रोष प्रदर्शन
ऊना। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना का विरोध कर रहे युवा एक बार फिर रविवार को इंदिरा मैदान में इकट्ठे हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं पिछले 2 साल से सेना भर्ती के लिए ग्राउंड टेस्ट पास करके लिखित परीक्षा का इंतजार कर रहे युवाओं ने पुरानी पद्धति के तहत ही उन्हें सेना में भर्ती का मौका दिए जाने की मांग उठाई।अग्निपथ योजना का विरोध करने पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे युवाओं के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर मामले पर भी केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। युवाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई को मौलिक अधिकारों का हनन करार दिया गया।
यह भी पढ़ें:यूक्रेन से लौटे मेडिकल छात्रों, परिजनों ने शुरू किया अनशन, आत्मदाह की चेतावनी
इस मौके पर युवाओं की अगुवाई कर रहे कांग्रेस नेता दीपक लट्ठ ने कहा कि केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना को लागू कर के युवाओं के लिए सेना में भर्ती के रास्ते लगभग बंद करने का काम किया है। लेकिन युवाओं के साथ हो रहे इस अन्याय को सहन नहीं किया जाएगा और उसके खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं ने शांतिपूर्वक तरीके से अपना पक्ष रखने के लिए मार्च किया था, लेकिन केंद्र सरकार के दबाव में पुलिस ने युवाओं के खिलाफ केस दर्ज करते हुए उन्हें प्रताड़ित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि वो पहले भी युवाओं की आवाज को उठाते रहे हैं और आगे भी उनके हितों की पैरवी करने के लिए जरूरत पड़ी तो उग्र प्रदर्शन भी करेंगे। सरकार के दबाव के आगे न तो वह झुके हैं और न ही झुकेंगे।

युवा कांग्रेस दिखाएगी सीएम को काले झंडे
जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राघव ठाकुर ने सीएम के बयानों पर निशाना साधते हुए मांग की है कि सीएम जयराम को तुरंत नेता प्रतिपक्ष से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की राजनीति में कभी किसी नेता ने दूसरे नेता पर व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की लेकिन सीएम ने इस तरह की टिप्पणी करके हिमाचल की राजनीति में नई रिवायत शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का जिला में आने पर काले झंडे दिखाकर विरोध किया जाएगा। राघव ठाकुर ने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के सरकार के खुद के मंत्री और विधायक यहां तक कि उनकी पार्टी के नेता भी इस मामले में उनका साथ नहीं दे रहे। उन्होंने वन मंत्री राकेश पठानिया पर भी जमकर निशाना साधते हुए कहा कि केवल मात्र राकेश पठानिया सीएंम के पक्ष में बार-बार पत्रकार वार्ता कर रहे हैं। लेकिन खुद राकेश पठानिया का भी जनाधार खत्म हो चुका है और इतना ही नहीं प्रदेश भर में जितना विरोध युवा कांग्रेस द्वारा उनका किया गया है शायद ही किसी नेता का इतना विरोध किया गया हो।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group…

