-
Advertisement
भरमौर में बड़ा हादसा: दिनका घार के पास खाई में गिरी बोलेरो , दो युवकों की दर्दनाक मौ#त
Himachal Accident: चंबा जिला में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर दिनका घार के पास एक बोलेरो टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे वाहन में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रविंदर कुमार (39) पुत्र मचला राम निवासी भरमौर और विशाल कुमार (32) पुत्र करनैल सिंह निवासी गौसन (भरमौर) के रूप में हुई है।
पेट्रोल भरवाकर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविंदर कुमार अपनी बोलेरो टैक्सी (संख्या HP-01C-3250) में विशाल कुमार के साथ लाहल स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गए थे। मध्यरात्रि के बाद जब वे दोनों वाहन से वापस भरमौर लौट रहे थे, तभी दिनका घार के समीप चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित होकर बोलेरो सीधे सड़क से नीचे गहरी खाई में जा समाई।
परिजनों ने तलाश शुरू की तो दुर्घटना का पता चला
देर रात तक जब दोनों घर नहीं लौटे और उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास विफल रहा, तो परिजनों और परिचितों को अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने तुरंत उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दिनका घार के पास सड़क किनारे खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन नजर आया।घटना का पता चलते ही स्थानीय निवासियों की मदद से दोनों युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला गया और तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल भरमौर ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया। एसपी विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
राहुल कुमार
