-
Advertisement
चंबा में खौफनाक वारदात: 25 साल के युवक की ह#त्या, पढ़े कैसे 4 घंटे में पकड़े गए आरोपी
Chamba Murder: हिमाचल प्रदेश में अपराध के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शिमला के बाद अब चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी है। यहाँ 25 वर्षीय युवक हरविन्द्र सिंह की निर्मम हत्या कर दी गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 4 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
नाले में मिला शव, सड़क पर उतरा लोगों का गुस्सा
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर कल्हेल पुल के नीचे एक नाले में चुराह के राख मलोगा गांव निवासी हरविन्द्र सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी मच गई। मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए चंबा-तीसा मार्ग पर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 4 घंटे में सुलझी गुत्थी
लोगों के भारी विरोध प्रदर्शन और सड़क जाम के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। थाना प्रभारी (SHO) अशोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य सुरागों के आधार पर जांच तेज की। इस त्वरित कार्रवाई का नतीजा यह रहा कि महज चार घंटे के भीतर हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के स्पष्ट कारणों का पता लगाया जा सके।
शनिवार शाम को पत्नी से हुई थी सामान्य बात
इस घटना ने हरविन्द्र के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक की पत्नी मंजू ने बताया कि शनिवार शाम को उनकी हरविन्द्र सिंह से फोन पर बातचीत हुई थी। उस वक्त वह अपने कमरे में थे और बिल्कुल सामान्य तरीके से बात कर रहे थे। पत्नी के मुताबिक, हरविन्द्र किसी भी तरह की परेशानी या घबराहट में नहीं लग रहे थे। रविवार सुबह अचानक उनका शव नाले में मिलने से परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई, जिसके बाद उन्होंने सीधे तौर पर हत्या का अंदेशा जताया।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
हरविन्द्र सिंह और मंजू की शादी साल 2021 में ही हुई थी। उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस दर्दनाक घटना ने इन मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया छीन लिया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के बाद कई और खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस आज सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश करेगी और आगे की पूछताछ के लिए उनकी रिमांड की मांग करेगी।
रविंद्र चौधरी

