-
Advertisement
गणतंत्र दिवस पर 359 कैदियों को मिलेगी विशेष माफी, हिमाचल सरकार ने की घोषणा
शिमला। हिमाचल सरकार ने 26 जनवरी, 2023 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश के विभिन्न कारागारों में सजा काट रहे कैदियों को उनके अच्छे आचरण एवं व्यवहार के दृष्टिगत विशेष माफी की घोषणा की है, जिसके तहत विशेष मुआफी 7 दिन से लेकर 45 दिन तक दी गई है। प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि सरकार द्वारा दी गई माफी से राज्य के विभिन्न कारागारों के 359 कैदी लाभान्वित होंगे, जिसमें 3 कैदी सजा पूरी होने के उपरांत 26 जनवरी को तत्काल रिहा हो जाएंगे। शिमला के कंडा कारावास के 97 व कैथू जेल के 15, नाहन के 108, धर्मशाला के 65, चंबा के 17, बिलासपुर के 18, मंडी के 10, सोलन के 04, ऊना के 11, हमीरपुर के 05, कल्पा के 03, नालागढ़ कारावास के 06 कैदियों को रिहा किया जा रहा है।
यह भी पढ़े:सीएम सुक्खू ने बोले- आरोमा मिशन के अंतर्गत चंबा जिला को शामिल करें केंद्र
इसके अतिरिक्त भारत सरकार द्वारा आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव में कार्यक्रमों की शृंखला में कैदियों की कुछ श्रेणियों को विशेष माफी देने और उन्हें तीन चरणों 15 अगस्त 2022, 26 जनवरी 2023 और 15 अगस्त, 2023 को रिहा करने का प्रस्ताव है। सजा माफी की योजना का उद्देश्य कैदियों में कारावास के दौरान अनुशासन और सदाचरण सुनिश्चित करना है व प्रोत्साहन के रूप में जल्दी रिहाई की सम्भावना का अवसर प्रदान करना है। इस संदर्भ में भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में जिन पात्र कैदियों ने अपनी 66 प्रतिशत सजा पूर्ण कर ली है, उसमें से 4 कैदियों को रिहा किया जा रहा है। एक कैदी जिसने अपनी कारावास की सजा पूर्ण कर ली है, लेकिन वह अपनी जुर्माना राशि देने में असमर्थ है, उस को भी रिहा किया जा रहा है। इस माफी से प्रदेश की विभिन्न कारागारों से कुल 5 कैदियों को रिहा किया जा रहा है।
