- Advertisement

चंबा में दिल दहला देने वाला हादसा-शादी समारोह से लौट रहे एक ही गांव के 4 लोगों की मौ#त
Himachal Accident: चंबा जिले के चुराह उपमंडल से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, यहां पर देर रात्रि को एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई से होते हुए बैरासियूल नदी में जा गिरी। इस भीषण सड़क हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक चुराह तहसील के करमुंड गांव के रहने वाले थे और एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बैरासियूल नदी में जा गिरी कार, उड़े परखच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा नकरोड़-हिमगिरि डैम साइड सड़क पर पेश आया। कार (एच पी44ए-0494) अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे बैरासियूल नदी में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार लोगों के शव आसपास के पत्थरों और नदी किनारे छिटक गए थे। दुर्घटना में कार सवार चारों लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
एक ही गांव के रहने वाले थे सभी
हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले थे। प्रशासन द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार हादसे में शुकरदीन (52) पुत्र शक मोहम्मद, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, सलमान (25) पुत्र ताज मोहम्मद, निवासी करमुंड , टिकरागढ़, चुराह ताशी उर्फ बिट्टू (41) पुत्र किशन चंद, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह व संजू (22) पुत्र खेम राज, निवासी गांव करमुंड, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह की मौत हो गई।
देर रात शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तीसा पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय लोगों ने मिलकर तुरंत गहरी खाई और नदी के तेज बहाव के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
एसबी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ तीसा की अगुवाई में पुलिस टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम दुर्घटना के सटीक कारणों की गहनता से जांच कर रही है ।
रविंद्र चौधरी

