- Advertisement

मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसरों के 75 नए पद सृजित, नाहन और चंबा में खुलेगा कार्डियोलॉजी विभाग
Himachal News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्रोफेसरों (असिस्टेंट प्रोफेसर) के 75 नए पदों को सृजित करने के आदेश जारी किए हैं। स्वास्थ्य सचिव द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। सरकार का यह निर्णय शिक्षण संकाय को बढ़ावा देने और सार्वजनिक हित में चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से लिया गया है।
12 स्पेशिलिटी में बांटे गए पद, रेडियो-डायग्नोसिस में सबसे ज्यादा भर्ती
यह नियुक्तियां कुल 12 अलग-अलग स्पेशिलिटी (विभागों) में की जाएंगी। इन पदों को प्रदेश के प्रमुख मेडिकल कॉलेजों—टांडा, नेरचौक (मंडी), नाहन, चंबा और हमीरपुर में वितरित किया गया है।
विभागवार पदों का विवरण इस प्रकार है: रेडियो-डायग्नोसिस के 13, स्त्री रोग एवं प्रसूति के 09 , बाल रोग के 08 पद ,सामान्य चिकित्सा (General Medicine) के 06 पद, बायोकेमिस्ट्री के 04 पद भरे जाने है। इसके अलावा सामान्य सर्जरी, पल्मोनरी मेडिसिन, कार्डियोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, मनोरोग, ईएनटी (ENT) और पैथोलॉजी में 5-5 पद सृजित किए गए हैं।
नाहन और चंबा मेडिकल कॉलेज में स्थापित होंगे कार्डियोलॉजी विभाग
दूरदराज के क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए सरकार ने नाहन और चंबा मेडिकल कॉलेज में कार्डियोलॉजी विभाग स्थापित करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है। इसके लिए इन दोनों संस्थानों में कार्डियोलॉजी के सहायक प्रोफेसर (सुपर-स्पेशियलिटी) के पद भी सृजित किए गए हैं। इस कदम से स्थानीय स्तर पर ही दिल की बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हो सकेंगे और मरीजों को बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
आरएंडपी (R&P) नियमों के तहत होगी भर्ती
अधिसूचना के अनुसार, सहायक प्रोफेसरों के इन सभी पदों को मौजूदा भर्ती और पदोन्नति नियमों (R&P Rules) के तहत ही भरा जाएगा। यह प्रक्रिया राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में संकाय नियुक्तियों को पारदर्शी तरीके से नियंत्रित करती है। सरकार के इस फैसले से जहां एक ओर मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों और प्रोफेसरों की कमी दूर होगी, वहीं दूसरी ओर राज्य के मेडिकल छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा और आम जनता को बेहतर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

