-
Advertisement
Corona Update: हिमाचल में आज 14 कोरोना मामले, ऊना का ITBP जवान निकला पॉजिटिव- आठ हुए ठीक
Last Updated on June 3, 2020 by
शिमला। हिमाचल में बुधवार को कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) के 14 मामले सामने आए हैं। ताजा मामला ऊना जिला से सामने आया है। ऊना में कोरोना पॉजिटिव पाया गया युवक आईटीबीपी का जवान है। यह युवक 28 मई को दिल्ली से आया था और होम क्वारंटाइन (Home Quarantine) में था। इससे पहले आज सुबह किन्नौर, बिलासपुर, शिमला, कांगड़ा, हमीरपुर व मंडी में कोरोना से मामले सामने आए हैं। किन्नौर जिले में पति-पत्नी पॉजिटिव पाए गए हैं। जिला कांगड़ा में 4, हमीरपुर में 2 और मंडी में 2 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि शिमला के रामपुर और बिलासुपर जिले में एक-एक मामला आया है। वहीं चंबा जिले से कोरोना संक्रमण का एक नया मामला आज सामने आया है। इसके साथ ही आज हिमाचल में आठ लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। इनमें छह लोग कांगड़ा जिला के जबकि दो लोग ऊना जिला के हैं।
यह भी पढ़ें: बड़ी चूक: Kangra में Covid-19 पॉजिटिव पाए गए शख्स की पत्नी को भेज दिया था घर, प्रधान को भी नहीं दी जानकारी
जिला कांगड़ा( Kangra Distt) में जो चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उनमें तीन फतेहपुर और एक गंगथ का रहने वाला है। फतेहपुर निवासी 30 साल का व्यक्ति मध्यप्रदेश से 27 मई को हिमाचल( Himachal) आया था और इसे संसारपुर टैरेस में इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन किया गया था। गंगथ निवासी 31 वर्षीय व्यक्ति गंगथ में होम क्वारंटाइन था। पठानकोट से 28 मई को गंगथ पहुंचा था। 25 साल का युवक गोलवां, फतेहपुर निवासी फतेहपुर में इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन था। इस युवक की प्राइवेट टैक्सी है। और वह दो लोगों को छोड़ने कंटेनमेंट जोन के आदेशों का उल्लंघन कर चंडीगढ़ गया था। इसके खिलाफ मामला भी दर्ज है और यह युवक इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन में था। यह युवक किन लोगों को छोड़ने गया है उनका भी पता लगाया जा रहा है। एसडीएम फतेहपुर बलवान चन्द ने बताया कि गोलवां से जो युवक कंटेन्मेंट जोन से गाड़ी लेकर कुछ लोगों को छोड़ने चला गया था, उसकी हिस्ट्री को खंगाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि उसके संपर्क में आए लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे। इसके अलावा 22 मई को एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली से 29 मई को कांगड़ा पहुंचा 22 साल का युवक फतेहपुर में इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन था। पॉजिटिव आने के बाद सभी को बैजनाथ में स्थानांतरित किया जा रहा है। जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 94 हो गई है।
हमीरपुर में 114 हुई कोरोना पॉजिटिव की संख्या
सुंदरनगर में दो कोरोना पॉजिटिव, मेडिकल कॉलेज नेरचौक किए गए शिफ्ट
मंडी के सुंदरनगर में एक साथ दो कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसके साथ अब जिला मंडी में कुल कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 17 पहुंच गई है। वहीं स्वास्थ्य और प्रशासन द्वारा कोरोना पीड़ित को एंबुलेंस के माध्यम से कोविड अस्पताल नेरचौक ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार सुंदरनगर के गांव मलोह निवासी 23 वर्षीय और 26 वर्षीय महाराष्ट्र के मुंबई से 27 मई को श्रमिक ट्रेन के माध्यम से सुंदरनगर के तरोट स्थित क्वारंटाइन सेंटर सूर्या होटल पहुंचे थे। पीड़ित 25 मई को मुंबई से दिल्ली और 26 मई को दिल्ली से टैंपो ट्रैवलर के माध्यम से अन्य 8 लोगों के साथ सुंदरनगर आए थे। वहीं पीड़ितों के साथ आए हुए अन्य लोग भी सूर्या होटल में क्वारंटाइन पर रखे गए हैं। इनमें से एक मलोह निवासी युवक पहले ही कोरोना पॉजिटिव आ चुका है और कोविड अस्पताल नेरचौक में उपचाराधीन है। दोनों युवकों के मंगलवार को कोविड-19 सेंपल लिए गए थे। जो आज पॉजिटिव आया हैं। वहीं अब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पीड़ित की कांटेक्ट हिस्ट्री में 6 लोग आए हैं। उनके लिए भी एतिहातन कदम उठाए जा रहे हैं। मामले की पुष्टि एसडीएम सुंदरनगर राहुल चौहान ने की है।
इसी के साथ ही हिमाचल में कोरोना के मामलों की संख्या 359 हो गई है, जिनमें 204 एक्टिव केस है।