-
Advertisement
CM Jairam ने किया ऐलान: धर्मशाला में स्थापित होगा इंटेलीजेंस कार्यालय; नूरपुर में बैठेंगे ASP
डरोह। सीएम जयराम ठाकुर (Jairam Thakur) हिमाचल प्रदेश पुलिस के डरोह स्थित प्रशिक्षण केंद्र में डीएसपी और सब इंस्पेक्टर के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस दौरान सीएम ने परेड का निरीक्षण किया व सलामी ली। इसके साथ ही सीएम ने डरोह में पौने दो करोड़ की लागत से बनाए गए प्रशिक्षु भवन का उद्घाटन किया। सीएम जयराम ने इस समारोह को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस (HP Police) की प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने इस बात का ऐलान किया कि साइबर क्राइम और नारकोटिक्स के मामले बढ़ने के कारण नूरपुर में एडिशनल एसपी बैठेंगे।
यह भी पढ़ें: होटल परिसर में नारेबाजी मामलाः SP office के बाहर धरने पर बैठे MLA Sundar Singh
बक़ौल सीएम जयराम, ‘पंजाब से सटे इलाकों क्राइम के मामले बढ़ने के कारण सरकार ने यह फैसला लिया है।’ सीएम ने आगे बताया कि डीआइजी इंटेलीजेंस एंड सिक्योरिटी कार्यालय शिमला से धर्मशाला में स्थापित होगा, इससे जिला कांगड़ा और निचले क्षेत्र में पुलिस फोर्स और सशक्त होगी। वहीं, ऑर्म्स ट्रेनिंग ऑफिस भी पालमपुर में शिफ्ट किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार डीएसपी प्रोबेशन कोर्स में प्रणव चौहान ओवर आल प्रथम रहे, आउटडोर में विजय कुमार प्रथम देव राज ऑल राउंड द्वितीय रहे। वहीं, सब इंस्पेक्टर प्रोबेशन में ऑल राउंड सैणी प्रथम, आउटडोर में यादेश कुमार प्रथम और शूटिंग में शिव कुमार प्रथम रहे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य में पुलिस आरक्षियों के एक हजार पदों को भरने के लिए भी मंजूरी प्रदान की है, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण भर्ती प्रक्रिया में देरी हुई है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। सीएम ने महाविद्यालय में बेहतर आधारभूत संरचना के विकास और सुदृढ़ीकरण के लिए पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह को आगामी पांच वर्षों के लिए प्रति वर्ष 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। जयराम ठाकुर ने कहा कि समाज को पुलिस से बहुत अपेक्षाएं हैं और प्रत्येक पुलिस कर्मी को लोगों की उम्मीदों के अनुसार कार्य सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश एक पर्यटन राज्य है, जहां हर वर्ष लाखों की संख्या में पर्यटक आते हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों को पर्यटकों के प्रति शिष्टाचार की भावना से कार्य करने को कहा ताकि वह राज्य से अच्छी यादें लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार आदरपूर्वक होना चाहिए ताकि वह राज्य के ब्रैंड अम्बेसडर बनकर उभरें।

