-
Advertisement
बिना सैंपल लिए #Corona पॉजिटिव करार दे दी #Una_DC Office की महिला पटवारी
ऊना। डीसी ऑफिस ऊना (#Una_DC Office) में पटवारी के पद पर तैनात 28 वर्षीय महिला को बिना कोरोना (#Corona) सैंपल लिए पॉजिटिव करार दे दिया। जब महिला को इस बात का पता चला तो वह सन्न रह गई। हालांकि इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तरफ से सेंपलिंग के दौरान अमल में लाए जा रहे प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए अपनी कोई भी गलती होने से साफ इनकार कर दिया है। इस घटनाक्रम के बाद डीसी ऑफिस में तैनात कम से कम 20 कर्मचारियों को मात्र 3 दिन के भीतर दूसरी बार कोविड-19 (Covid-19) के टेस्ट से गुजरना पड़ेगा। बता दें कि डीसी कार्यालय में तैनात एक कर्मचारी के कोविड-19 संक्रमित पाए जाने के बाद डीसी ऊना राघव शर्मा ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को कोविड-19 के टेस्ट करवाने के निर्देश दिए। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग (Health Department) द्वारा सभी कर्मचारियों और अधिकारियों की आईडी जेनरेट की गई। रीजनल अस्पताल ऊना में लिए गए सैंपल के दौरान उक्त महिला कर्मचारी के नाम पर भी प्रोटोकॉल के तहत आवाज लगाई गई। संभवत यहीं पर उक्त महिला के नाम पर कोई और कर्मचारी सैंपल दे गया।
यह भी पढ़ें: #Himachal का एक अस्पताल, जहां अब तक 52 #Corona पॉजिटिव महिलाओं की करवाई सुरक्षित डिलीवरी

शनिवार देर रात पीसीआर के तहत टांडा मेडिकल कॉलेज (Tanda Medical College) से आई रिपोर्ट में उक्त महिला कर्मचारी का नाम संक्रमित मरीजों की लिस्ट में शामिल कर लिया गया। प्रोटोकॉल के तहत जब स्वास्थ्य विभाग ने उक्त महिला कर्मचारी से संपर्क कर उसे संक्रमित पाए जाने की सूचना दी तो इस सूचना के बाद महिला कर्मचारी सन्न रह गई। दरअसल उक्त महिला ने सैंपल दिया ही नहीं था, ऐसे में उसे संक्रमित करार देना महिला के लिए भी चिंता का विषय बन गया। रविवार सुबह मामला सामने आने के बाद डीसी राघव शर्मा (DC Raghav Sharma) ने सीएमओ डॉ. रमन कुमार शर्मा के साथ बातचीत कर मामले की जांच पड़ताल की। इसमें महिला के नाम की आवाज दिए जाने के दौरान किसी और द्वारा अपना सैंपल दिए जाने का मामला सामने आया। अब ऐसे में जो सैंपल पॉजिटिव पाया गया है वह किसका है यह भी स्वास्थ्य विभाग को समझ नहीं आ रहा। इसी संदेह को दूर करने के लिए सभी कर्मचारियों के दोबारा सैंपल जुटाए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। डीसी राघव शर्मा ने बताया कि इस गलतफहमी के चलते बिना सैंपल दिए महिला को पॉजिटिव करार दिए जाने का मामला सामने आया है। यदि सैंपल पॉजीटिव पाया गया है तो निश्चित रूप से कोई कर्मचारी संक्रमण की चपेट में है, इसी संक्रमित कर्मचारी को ढूंढने के लिए उन सभी कर्मचारियों के दोबारा सैंपल लिए जाएंगे, जिन्होंने शुक्रवार को रीजनल अस्पताल ऊना में कोविड-19 जांच के लिए सैंपल दिए थे।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


