-
Advertisement
नकली मालकिन बनाकर बेच दी जमीन, 70 लाख रुपए लुटने के बाद युवक को पता चला सच
देहरादून। देश में ठगी के रोज इतने मामले सामने आते हैं कई मामले तो एकदम हैरान कर देने वाले होते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है देहरादून (Dehradun) में। यहां पर जमीन की नकली मालकिन खड़ी कर 70 लाख रुपए हड़पने का मामला सामने आया है। इस मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दीपक कुमार पुत्र राधेश्याम निवासी किताबघर मसूरी ने पुलिस को दी शिकायत (Complaint) में बताया कि कुछ लोगों ने उसे जमीन बेच दी और एक महिला के साथ उसने जमीन का सौदा किया। पैसे देने के बाद जब वह भूमि का दाखिल खारिज करवाने पहुंचा तो उसको पता चला कि जिस महिला की जमीन उसने खरीदी है वह तो पहले ही मर चुकी है और उससे जो महिला मिली वह ठग थी और उन लोगों ने मिलकर उसे ठग लिया।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand में आफत: देहरादून-मसूरी मार्ग का 50 मीटर हिस्सा धंसा, उफान पर मसूरी का कैंपटी फॉल
दीपक कुमार तुरंत पुलिस में गया औऱ मामले की शिकायत दर्ज करवाई। उसने बताया कि उसने मसूरी रोड स्थित एक भूखंड का सौदा रवि शर्मा पुत्र रमेश चंद शर्मा निवासी ब्राह्मण वाला देहरादून, यशवीर सिंह पुत्र अजब सिंह निवासी चुक्खूवाला तथा हितेश अरोड़ा व सतवीर सिंह पुत्र अज्ञात के साथ किया। उक्त भूमि के संबंध में पेमेंट 70 लाख आरोपियों को कर रजिस्ट्री (Registry) भी प्राप्त कर ली थी। 21 दिसंबर को जब वह भूमि का दाखिल खारिज कराने के लिए उप निबंधक कार्यालय पहुंचा तो पता चला कि जिस प्रेमो देवी की भूमि उसने खरीदी थी उसकी मौत तो तीन जुलाई 2017 को हो चुकी है।
मामले में शहर कोतवाली पुलिस ने हितेश अरोड़ा निवासी बंजारावाला, नसीमा ग्राम बुढ़ाना जनपद मुजफ्फरनगर (यूपी), सोनिया निवासी ग्राम जोड़ा जनपद मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

