-
Advertisement
बंगोली में किसान दिवस पर SBI ने लगाया जागरूकता कैंप, दी ये जानकारियां
हरिपुर। जिला कांगड़ा की एसबीआई (SBI) की शाखा भटोली के सौजन्य से आज सीएसपी बंगोली में किसान दिवस के उपलक्ष्य में किसान जागरूकता कैंप (Awareness Camp) का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के गांवों के किसानों ने भारी संख्या में भाग लिया। इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक के जिला विक्रय केंद्र कांगड़ा के मुख्य प्रबंधक संजय तनेजा, प्रबंधक अभय भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस दौरान मुख्य प्रबंधक (Chief Manager) ने उपस्थित किसानों को बैंक द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्हें यह बताया कि किसान किस प्रकार इन योजनाओं का फायदा लेकर अपनी कृषि संबंधित रोजगार को बढ़ावा दे सकते हैं। इस दौरान उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, किसान गोल्ड लोन तथा नाबार्ड द्वारा चलाई गई योजनाओं जैसे प्रोटेक्टेड कल्टीवेशन हॉर्टिकल्चर फिशरी जैसी स्कीमों के बारे में भी जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: SBI में भरे जाएंगे स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर के 489 पद, जल्द करें अप्लाई
उन्होंने बताया कि कोरोना काल के दौरान बैंक द्वारा अपने ग्राहकों की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए सरकार द्वारा गाड़ी जारी गाइडलाइन का भी पूर्ण रूप से पालन किया जा रहा है। किसानों को आ रही समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है, जिसके लिए बैंक निरंतर प्रयासरत है। इस दौरान उप प्रबंधक अभय भारद्वाज तथा शाखा प्रबंधक सुनील कुमार ने भी उपस्थित किसानों को संबोधित किया। उनकी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान स्थानीय निवासियों हरिओम शर्मा, राजेंद्र कुमार ने भी स्थानीय लोगों को आ रही समस्याओं के बारे में बैंक के कर्मचारियों से विचार-विमर्श किया और उपस्थित लोगों को संबोधित किया। इस दौरान मुख्य प्रबंधक संजय तनेजा ने किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।


