-
Advertisement
हिमाचल: गोविंद सागर में बोट सहित डूब गया चालक, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बिलासपुर। हिमाचल के बिलासपुर जिला में भाखड़ा डैम पर बनी प्रदेश की सबसे बड़ी कृत्रिम झील गोविन्द सागर (Gobind Sagar) में एक बोट चालक समेत डूब गई है। शुक्रवार को बिलासपुर (Bilaspur) में हुई तेज बारिश व आंधी के चलते यह हादसा हुआ है। बोट (Boat) व चालक को देर रात तक नहीं निकाला जा सका था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जब अचानक तेज तूफान आया तो घर की तरफ लौट रहे युवकों में से एक की बोट तेज तूफान के कारण अनियंत्रित होकर डूब गई। उसके साथी आगे निकल गए थे व उन्हें उसके गिरने का आभास नहीं हुआ, लेकिन जब वह काफी समय तक नहीं आया तो उन्होंने इसकी सूचना परिवार व प्रशासन तक पहुंचाई और फिर रेस्क्यू ऑपरेशन (Rescue Operation) शुरू किया। इस बोट में पर्यटकों को सैर करवाई जाती थी, लेकिन आज इस बोट पर चालक के अलावा कोई अन्य मौजूद नहीं था।
यह भी पढ़ें: पर्यटकों से गुलजार हुए Kullu के पर्यटक स्थल, पर्यटन कारोबार को राहत
बताया जा रहा है कि युवक जब वापस आ रहा था तो गलुआ बस्ती के पास उसकी बोट पलट गई और वह डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि युवक को तैरना भी नहीं आता था। ऐसे में बोट अनियंत्रित होने पर वह डूब गया। डूबे हुए प्रदीप के दो भाई भी मौके पर पहुंचे, लेकिन देर शाम तक उसे नहीं निकाला जा सका। एसडीएम (SDM) नयनादेवी सुभाष गौत्तम भी घटना की जानकारी मिलने के फौरन बाद मौके पर पहुंचे और सारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि भाखड़ा में डूबा 28 वर्षीय युवक प्रदीप कुमार पुत्र जगदीश राम गांव खुलमी, उपमंडल श्री नैना देवी जिला बिलासपुर बताया जा रहा है। यह हादसा दिन में करीब चार बजे का है, जब तेज तूफान आया। इसके बाद बीबीएमबी (BBMB) के गोताखोरों और रेस्क्यू बोट को मंगवाया गया। उनके जरिए बोट और युवक को ढूंढने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन शाम को अंधेरा होने तक उन्हें नहीं ढूंढा जा सका। इसके चलते आपरेशन को रोका गया और अब शनिवार सुबह इस ऑपरेशन को दोबारा शुरू किया जाएगा।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


