-
Advertisement
बड़ी खबरः हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने SOS 10वीं का रिजल्ट निकाला
धर्मशाला। हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड (Himachal School Education Board) धर्मशाला ने हिमाचल राज्य मुक्त विद्यालय (SOS) 10वीं कक्षा का वार्षिक परिणाम घोषित कर दिया है। हिमाचल राज्य मुक्त विद्यालय 10वीं कक्षा परीक्षा में कुल 10,034 छात्र थे। इसमें से 9,078 छात्रों को पात्र होने पर पदोन्नत किया गया है। साथ ही 919 छात्रों का परीक्षा परिणाम आरएलडी (RLD) घोषित किया गया है। इस छात्रों का रिजल्ट संबंधित शाखाओं द्वारा बाद में घोषित किया जाएगा। 20 छात्रों का परीक्षा परिणाम रीअपेयर आया है। परीक्षा परिणाम 90.47 फीसदी रहा है। वहीं, बोर्ड के नियम के अनुसार पदोन्नत किए गए समस्त छात्र पुनः निरीक्षण व पुनः मूल्यांकन के लिए पात्र नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें: HPPSC ने इस स्क्रीनिंग टेस्ट की तिथि में किया बदलाव, बीएड प्रवेश परीक्षा का शेड्यूल जारी
बता दें कि अतिरिक्त विषय, री अपेयर, सभी विषय (With TOC, Previously Regular) छात्रों को न्यूनतम उत्तीर्ण अंकों सहित पदोन्नत किया गया है। यदि ऐसे परीक्षार्थी अपने प्राप्त अंकों से संतुष्ट नहीं हैं तो एसओएस के तहत आगामी होने वाली परीक्षा में अंक सुधार की परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। डायरेक्ट एडमिशन (Without TOC) के छात्र 8वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद पहली बार 10वीं की परीक्षा दे रहे हैं और कुछ छात्रों के तो 8वीं कक्षा उत्तीर्ण कर 10वीं कक्षा के लिए दो वर्ष का जरूरी गैप भी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में डायरेक्ट एडमिशन व श्रेणी सुधार के परीक्षार्थियों को पदोन्नत नहीं किया गया है। ऐसे छात्रों को पुराने अनुक्रमांक सहित व बिना किसी अतिरिक्त शुल्क लिए सत्र अगस्त 2021 में पुनः परीक्षा का आयोजन करवाया जाएगा। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड कार्यालय में कार्यदिवस के दौरान दूरभाष संख्या 01892-242199 (एसओएस 10वीं) पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा परिणाम संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। परीक्षा परिणाम बोर्ड की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डा सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि बोर्ड द्वारा कोविड-19 (Covid-19) महामारी के दृष्टिगत हिमाचल राज्य मुक्त विद्यालय के 10वीं कक्षा के परीक्षार्थियों की सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा अनुमोदित नीति के अनुसार अप्रैल 2021 का वार्षिक परीक्षा परिणाम आज घोषित कर दिया गया है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए Subscribe करें हिमाचल अभी अभी का Telegram Channel…

