-
Advertisement
हिमाचल उपचुनाव में सुक्खू का हमला, बोल- बीजेपी ने कोविड काल में भी भ्रष्टाचार में गाड़े झंडे
मंडी। हिमाचल में होने जा रहे उपचुनाव ने ठंडी हवाओं में गर्माहट भर दी है। शनिवार को कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने मंडी लोकसभा उपचुनाव में बीजेपी पर ताबड़तोड़ सियासी हमले बोलकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। शनिवार को बल्ह के नागचला में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) के समर्थन में जनसभा की। उन्होंने कहा कि कोरोना के दौरान बीजेपी नेताओं ने भ्रष्टाचार के कई झंडे गाड़ दिए। भ्रष्टाचार के चलते ही पूर्व प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल को कुर्सी तक गंवानी पड़ी। उन्होंने सीएम जयराम ठाकुर (CM Jai Ram Thakur) से पूछा कि कोविड काल में हुए भ्रष्टाचार (Corruption) की जांच कब तक कराएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कारगिल युद्द के समय तो तत्कालीन बीजेपी सरकार ने ताबूत घोटाला कर डाला था। कारगिल पर राजनीति से बीजेपी बाज आए। उस युद्ध में हमने अपने वीर सपूतों को खोया है। सुक्खू ने कहा कि सत्तारूढ़ दल ने तो सिर्फ राजनीतिक रोटियां ही सेंकी। कैप्टन बिक्रम बत्रा की माता को पालमपुर से टिकट तक नहीं दिया। वह टिकट की मांग करती रहीं। बीजेपी को राष्ट्रवाद की झूठी वाहवाही शोभा नहीं देती। सुक्खू ने कहा कि बीजेपी के पास झूठे मुद्दे गढ़ने के अलावा कुछ नहीं बचा है।
सीएम जयराम ठाकुर क्षेत्रवाद की राजनीति में व्यस्त हैं। उन्होंने पूरे प्रदेश की नहीं, बल्कि अपने विधानसभा क्षेत्र की ही चिंता है। उन्होंने प्रदेश को 4 साल में विकास के मामले में दशकों साल पीछे धकेल दिया है। सीएम बताएं कि बल्ह में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कब बनेगा। अब तो बीजेपी सरकार के सत्ता से जाने का भी समय आ गया, लेकिन तीन साल पहले बनने वाला एयरपोर्ट आज तक धरातल पर कहीं नहीं हैं। बल्ह क्षेत्र के साथ ही पूरे मंडी जिले की जनता बीजेपी को झूठे सपने दिखाने के लिए कभी माफ नहीं करेगी।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group


