-
Advertisement
सरकार! कोरोना की पाबंदियां तो हटा दी, अब बस सेवा भी बहाल कर दो
मंडी जिला के सदर विधानसभा क्षेत्र की तरनोह पंचायत के रोपड़ा गांव तक चलने वाली बस सेवा कोरोना काल से बंद पड़ी है, जिस कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस संदर्भ में एचआरटीसी को कई बार गुहार भी लगाई लेकिन अभी तक कोई भी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने बताया कि जब पहला लॉकडाउन लगा तो उस वक्त से मंडी-रोपड़ा रूट पर चलने वाली निगम की बस सेवा बंद कर दी गई। जब लॉकडाउन हटा तो ग्रामीणों ने सोचा कि बस सेवा खुद ही बहाल हो जाएगी, लेकिन आज दिन तक ऐसा नहीं हुआ। उसके बाद सरकार ने कई बार कोरोना की बंदिशें हटाई लेकिन यह रूट बहाल नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें- सस्ते राशन की दुकान से सामान लेने में हुआ बड़ा बदलाव,जानिए एक क्लिक पर
बता दें कि इस रूट से ग्राम पंचायत बाड़ी-गुमाणू, सदोह और तरनोह पंचायत की हजारों की आबादी लांभावित होती है। विशेषकर तरनोह पंचायत के लोगों के लिए यह बस सेवा किसी वरदान से कम नहीं है। यह बस दोपहर 2.30 पर मंडी से तरनोह के लिए चलती है और उसके वापसी में 3.45 से तरनोह से मंडी के लिए वापिस लौटती है। स्कूल-कालेज के बच्चों और कामकाज के सिलसिले में आने-जाने वालों को इसका लाभ मिलता था लेकिन अब बस सेवा बंद होने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जब इस बारे में एचआरटीसी मंडी डिपो के आरएम गोपाल शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कोरोना के कारण कुछ रूट अस्थायी तौर पर प्रभावित हुए थे, जिन्हें बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि शिवरात्रि से पहले-पहले बस सेवा बहाल कर दी जाएगी।
हिमाचल और देश-दुनिया के ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page


