-
Advertisement
हिमाचल: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की फिसली जुबान, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कह दी ये बात
मंडी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने 76 वां स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) आज मंडी शहर के साथ लगते बिजनी स्थित जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह में मनाया। इस दौरान प्रतिभा सिंह की जुबान भी फिसल गई। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की जगह गणतंत्र दिवस (Republic Day) की बधाई दे डाली।
ये भी पढ़ें-तिरंगे के रंग में रंगा हिमाचल का प्रवेश द्वार, आकर्षक लाइटिंग ने मोहा मन
बता दें कि उनके आस पास मौजूद नेताओं ने भी उन्हें इस बात को लेकर नहीं टोका। हालांकि, इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन में लगातार स्वतंत्रता दिवस की ही बात कही। यहां उन्होंने सेवादल और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी ली। वहीं, राष्ट्रभक्ति के गीत और राष्ट्रगान गाकर तिरंगे के प्रति अपने सम्मान को भी प्रकट किया।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह (Pratibha Singh) ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने वालों की कुर्बानियों को कभी नहीं भुलाया जा सकता। कांग्रेस पार्टी और इसके नेताओं का भी देश को आजाद करवाने में अहम योगदान रहा है, जिसे सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि आज भावी युवा पीढ़ी को आजादी के सही मायनों से अवगत करवाने की जरूरत है। वहीं, उन्होंने सभी से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि आज देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group

