-
Advertisement
मणिमहेश जा रहे यात्रियों पर चौरासी परिसर में गिरा पोल, एक की गई जान; तीन घायल
Last Updated on August 16, 2022 by sintu kumar
चंबा। हिमाचल के चंबा (Chamba) जिला में एक दर्दनाक हादसे में एक 13 साल के किशोरी की मौत हो गई। हादसा भरमौर (Bharmaur) के चौरासी मंदिर परिसर में हुआ है। यहां अचानक से बिजली का पोल गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक किशोरी की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल (Hospital) में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार चंबा के भरमौर में चौरासी मंदिर परिसर में लगाई गई फ्लड लाइट का पोल अचानक से गिर गया। यह पोल वहीं पर बैठी 13 साल की बच्ची पर आ गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें:हिमाचल: गौरीकुंड में पंजाब के श्रद्धालु की मौत, बेटे के साथ आया था मणिमहेश
वहीं इस पोल की चपेट में तीन अन्य लोग भी आ गए। हादसा मंगलवार दोपहर के समय हुआ बताया जा रहा है। सभी घायल लोग जम्मू कश्मीर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। यह लोग मणिमहेश यात्रा पर निकले थे। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भरमौर में भर्ती करवाया गया है। बीएमओ भरमौर डॉ. अंकित ने बताया कि घायलों को उपचार दिया जा रहा है। वहीं गुस्साए श्रद्धालुओं (Devotees) ने धरना प्रदर्शन कर अपना रोष प्रकट किया। हालांकि मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा है। गौरतलब है कि पोल को स्थापित करने का कार्य चल रहा था। इसी कारण पोल गिरा। जिससे श्रद्धालु हादसे की चपेट में आ गए, जबकि एक किशोरी की मौत हो गई।
चंबा में एचआटीसी बस पर गिरे पत्थर
चंबा जिला के कलौता से वापिस आ रही एचआरटीसी की बस (HRTC Bus) पर अचानक से पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे। जिसके चलते बस में बैठे लोगों में अफरा तफरी मच गई। हालांकि बस में ज्यादा यात्री नही थे, लेकिन गनीमत यह रही कि किसी यात्री को बड़ी चोट नहीं आई। पत्थरों (Stone) की चपेट में आने से एक यात्री को चोटें आई हैं।
चोटिल यात्री को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां यात्री को जरूरी उपचार दिया गया। बताया जा रहा है कि बस अपने रूट पर दोपहर बाद न्यू बस स्टैंड चंबा के लिए वापिस आ रही थी।जब कलौता के समीप पहुंची तो पहाड़ी से अचानक भूस्खलन शुरू हो गया। इस कारण यात्रियों ने तुरंत भागकर अपनी जान बचाई। चालक परिचालक ने भी बिना समय गंवाए बस से बाहर निकले। भूस्खलन की चपेट में आने से बस को नुकसान पहुंचा है। साथ ही कांच टूट गए है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए join करें हिमाचल अभी अभी का Whats App Group