-
Advertisement
पॉवर प्रोजेक्ट वाली कंपनियों से हिमाचल सरकार सेस के रूप में वसूलेगी टैक्स: सीएम सुक्खू
मंडी। राज्य सरकार प्रदेश में लगे सभी पावर प्रोजेक्ट (Power Projects) से सेस (CESS) के रूप में टैक्स वसूल करेगी। सरकार ने अध्यादेश लाकर इस नियम को प्रदेश में लागू कर दिया है। इसकी जानकारी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू (CM Sukhwinder Singh Sukhu) ने रविवार को मंडी में सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कही। सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता पर टैक्स का कोई बोझ नहीं डालना चाहती, इसलिए आय जुटाने के अन्य साधनों को ढूंढा जा रहा है। प्रदेश में लगे पॉवर प्रोजेक्ट यहां के पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि इसके बदले में सरकार को बहुत ही कम लाभ मिलता है। इसलिए सरकार ने अध्यादेश लाकर अब दस पैसे की दर से सेस के रूप में अतिरिक्त टैक्स (Tax) वसूलने का आदेश जारी कर दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले दस वर्षों में हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे उन्नत और खुशहाल राज्य बनाया जाएगा।
यह भी पढ़े:अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव: राजमाधव की शाही जलेब में शामिल हुए सीएम सुक्खू
इस मौके पर सुक्खू ने पूर्व की जयराम सरकार (Jai Ram Govt) पर भी जमकर जुबानी हमले बोले। उन्होंने कहा कि पूर्व की जयराम सरकार पांच वर्षों तक जनता को सिर्फ ठगने का ही काम करती रही जबकि धरातल पर कोई भी काम नहीं हो सका। मंडी में एयरपोर्ट (Mandi Airport), शिवधाम और यूनिवर्सिटी के कार्य अधूरे पड़े हैं और सरकार ने बिना बजट के जाते-जाते इन कार्यों को शुरू किया था।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इन कार्यों को विधायकों और मंत्रियों के साथ रिव्यू करेगी, जिसके आधार पर ही आगामी निर्णय लिए जाएंगे। इससे पहले उन्होंने राज माधव राय मंदिर में जाकर विधिवत पूजा अर्चना की और उपररांत इसके अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव (International Shivratri Festival) की पारंपरिक शोभायात्रा में भाग लिया। यह शोभायात्रा राज माधव राय मंदिर से लेकर पड्डल मैदान तक गई जिसमें दर्जनों देवी-देवताओं ने हजारों देवलुओं संग भाग लिया। शिवरात्रि के मौके पर सीएम सुक्खू ने देव समाज को नजराने के तौर पर राज्य सरकार की तरफ से एक करोड़ की राशि देने का ऐलान भी किया।
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में भी दिखी सुक्खू सरकार की व्यवस्था परिवर्तन
सुख की सरकार के सकारात्मक प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी में व्यवस्था परिवर्तन का प्रभाव नज़र आ रहा है। सीएम सुक्खू के गतिशील नेतृत्व में जिला प्रशासन मंडी ने इस बार शिवरात्रि महोत्सव में राज्य सरकार की तर्ज पर पुरानी व्यवस्था में नई जान भरने की नवीन पहल की है। प्रदेश सरकार ने मंडी शिवरात्रि मेले की प्राचीन प्रथा तथा संस्कृति को संरक्षित करने के लिए पड्डल मैदान की जगह ऐतिहासिक सेरी मंच में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मंडी की जनता की भावनाओं को समझते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थल को सेरी मंच के लिए स्थानांतरित किया है। देव समाज को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से उनके रहने की व्यवस्था संस्कृति सदन कंगनीधार में की गई है।