-
Advertisement
कमरूनाग मंदिर पहुंची वृद्धा भटक गई थी रास्ता, निहरी पुलिस ने किया परिजनों के हवाले
सुंदरनगर। मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल के क्यूण गांव से जात्तर में शामिल होकर देव कमरूनाग मंदिर पहुंची एक 79 वर्षीय वृद्ध महिला रास्ता भटक कर समूह से अलग हो गई। देव कमरूनाग के चरणों में शीश नवाने के बाद अपने वाहनों में आए अन्य लोग वापिस गांव लौट गए। लेकिन इस दौरान किसी ने भी महिला की सुध लेने का प्रयास नहीं किया। कमरूनाग से थोड़ा नीचे जंगल में महिला को अकेली देख स्थानीय पंचायत के उप प्रधान हिरदे राम ने जब उनसे बात करनी चाही तो वृद्ध अवस्था के चलते अपने बारे में कुछ भी बता नहीं पाई। ऐसे में उन्होंने वृद्ध महिला को अपने कुछ सहयोगियों के साथ निहरी पुलिस चौकी पहुंचा दिया और साथ में उनका एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर सांझा कर दिया।
पुलिस कर्मियों ने रात भर महिला की सेवा की
निहरी पुलिस चौकी के पुलिस कर्मियों ने रात भर महिला की सेवा की और उन्हें आराम करने के लिए कमरा भी मुहैया करवा दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद मंडी में कार्य करने वाले वृद्धा के पोते ने जब वीडियो देखा तो उन्होंने उपप्रधान से संपर्क किया। उप प्रधान ने उसे निहरी पुलिस चौकी में होने की बात कही। सोमवार सुबह महिला के स्वजन निहरी पहुंचे और सकुशल उन्हें घर पहुंचाया। क्यूण गांव की यशोदा देवी पत्नी स्वर्गीय मिल्खी राम गांव के एक परिवार की जात्तर में शामिल होकर कमरूनाग में माथा टेकने आई थी। निहरी पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने संपर्क किया था। जिस पर वृद्ध महिला को सोमवार सुबह सही सलामत परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
हिमाचल और देश-दुनिया की ताजा अपडेट के लिए like करे हिमाचल अभी अभी का facebook page

