-
Advertisement
नाहन में डाकघर के समीप निकला चार फीट लंबा अजगर, सहमे लोग; इस तरह किया रेस्क्यू
एचके पंडित/नाहन। शहर के बीचोंबीच स्थ्ति मुख्य डाकघर से सटे सड़क के डंगे से शुक्रवार को चार फीट लंबा अजगर रेस्क्यू (Python Rescue) किया गया। तकरीबन एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन और वन विभाग (Forest Department) की टीम ने अजगर को पकड़ा, जिसे बाद में जड़ज़ा के जंगल में छोड़ दिया। इतने लंबे अजगर को देखकर लोग अभी भी सहमे हुए हैं।
राहगीरों में खौफ
जानकारी के अनुसार, पिछले काफी दिनों से अजगर (Python) इसी क्षेत्र में डेरा जमाए बैठा था। इससे पहले भी लोगों ने इसे यहीं देखा। ऐसे में यहां से गुजरने वाले राहगीरों के साथ-साथ दफ्तरों में कामकाज करने वाले कर्मचारियों में भी खौफ बना हुआ था। सैनिक कल्याण बोर्ड का कार्यालय भी इसी जगह चल रहा है।
अजगर का रेस्क्यू
शुक्रवार को अजगर दिखते ही मेजर दीपक धवन ने वन विभाग को सूचित किया। इसके बाद वन विभाग के ग्रेड टू अधीक्षक जसवीर सिंह, वन रक्षक मोहसिन खान, वन कर्मी रणवीर सिंह व हेमराज मौके पर पहुंचे। जहां अजगर को रेस्क्यू करने के लिए ऑपरेशन (Rescue Operation) शुरू किया और पत्थरों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली।

