-
Advertisement
शिमला में जमकर गिरे ओले : सेब-मटर व फूलगोभी की फसल पर आसमान से बरपा कहर
Himachal Weather: शिमला जिला के ज्यादातर भागों में आज दोपहर बाद भारी ओलावृष्टि हुई। ठियोग क्षेत्र में शनिवार दोपहर को किसानों और बागवानों पर आसमान से ओले के रूप में जमकर कहर बरपा। लगभग दो बजे के करीब फागू, कुफरी, चियोग, ठियोग, कोटगढ़, कुमारसैन और नारकंडा में भारी ओलावृष्टि हुई। इसके कारण सेब, मटर और फूलगोभी की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है। जमीन पर ओलों की मोटी चादर बिछ गई है।

भारी ओलावृष्टि की वजह कई स्थानों पर सेब को ओलों से बचाने के लिए लगाए गए एंटी हेल नेट भी क्षतिग्रस्त हो गए है।ओलावृष्टि की वजह से सेब के पौधों के तन्ने, पत्तियां और छोटी-छोटी टहनियां तक क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गई है। सेब के दानों पर ओलावृष्टि से मोटे निशान पड़ गए है। इससे किसानों-बागवानों को करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

मौसम विभाग ने आज रात तक शिमला, सोलन, सिरमौर और कुल्लू जिला में ओलावृष्टि और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। कई क्षेत्रों में बारिश व ओलावृष्टि के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान भी चल सकता है। चार से आठ मई तक बारिश, तूफान और ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
संजू चौधरी

