-
Advertisement
किन्नौर के रारंग में जमीनी विवाद को लेकर दो गुटों में मारपीट, शिक्षक ने तोड़ा दम
Himachal News: जिला किन्नौर के रारंग गांव में दो गुटों में मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना में एक शिक्षक की मौत हो गई। मामला मूरंग थाना के अंतर्गत रारंग गांव का है यहां पर जमीनी विवाद को लेकर दो गुटों के बीच मारपीट हो गई और एक शिक्षक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। दोनों गुटों ने एक दूसरे पर क्रास एफआईआर दर्ज किया है।
आईजीएमसी में शिक्षक की हुई मौत
पुलिस थाना मूरंग में प्राथमिक पाठशाला अकपा के शिक्षक कृष्ण लाल नेगी ( 51) निवासी रारंग की पत्नी चुन्नी देवी ने शिकायत दर्ज करते हुए आरोप लगाया है कि पति और वो खेत में पानी लगाकर वापस घर की ओर आ रहे थे कि करीब 9:30 बजे प्रातः दावा ज्ञालछन, सेम कली, बेटे सुमन सिंह, प्रवीन बेटी पूनम और बहू हाथों में लोहे की रॉड, डंडा पत्थर, दराट लेकर आएं और सभी ने उनके ऊपर हमला कर दिया। कृष्ण लाल के भाई कुमानंद और डण्डुप ज्ञाछो हमारे पास आए और इन लोगों की मारपीट से हमें छुड़ाया। मारपीट के बाद कृष्ण लाल बेहोश हो गए थे। यह देखकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायलों को वहां से उठाकर इलाज के लिए क्षेत्रीय रिकांगपिओ लाया गया। इसके बाद रिकांगपिओ से शिक्षक कृष्ण लाल नेगी को शिमला आईजीएमसी में रेफर किया गया। जहां पर उन्होंने दम तोड़ दिया।
सभी आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
वहीं, दूसरे गुट के लोगों की ओर से दावा ज्ञालछन रारंग के शिकायत पर मूरंग थाना में मामला दर्ज किया गया है। उनका कहना है कि सुबह करीब 10:30 बजे वो अपने खेतों में काम कर रहा था। तभी तीन भाई दंडुप ज्ञाछो ,मृतक कृष्ण लाल और कुमानंद ने उनका रास्ता रोका। दंडुप ज्ञाछो ने उस पर डंडे से हमला करने की कोशिश की। उसने उसे अपने हाथ से रोका जिससे उसे हल्की चोट आई। यह सब देखकर उसके दोनों बेटे प्रवीण और सुमन भी वहां पहुंच गए और उसे छुड़ाने की कोशिश की। तभी कृष्ण लाल ने छोटे बेटे के सिर पर पत्थर से वार किया और कुमानंद ने प्रवीण के घुटने पर पत्थर मारा, जिससे उसके बेटे के दाहिने घुटने में चोट लग गई। पुलिस ने धारा 126(2).115(2) और बीएनएस की 352 दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। इसपी अभिषेक शेखर ने बताया कि इस मामले में दोनों ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

