-
Advertisement
संविधान की प्रति लहराने वालों के परिवार ने ही उसे कुचला, इमरजेंसी को भुलाया नहीं जाना चाहिए
Kiren Rijiju: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शिमला में कहा कि आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर देश भर में बीजेपी विरोध जता रही है । उन्होंने कहा कि इमरजेंसी के दौरान देश पर आपातकाल थोपने का काम किया गया और मीडिया का गला घोंटा गया। किरेन रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र के लिए ऐसा काला दिन दोबारा नहीं आना चाहिए। आम जनता को इमरजेंसी को भुलाया नहीं जाना चाहिए। इसके हर पहलू पर गहन चिंतन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ नेता इन दिनों हाथ में संविधान लेकर न्यायपालिका की बात कर रहे हैं, लेकिन बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने साल 1951 में कानून मंत्री के पद से इस्तीफा दिया था।
जनजातीय इलाके के प्रवास पर रहेंगे रिजिजू
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के संविधान को कुचलने का काम किया था। आज संविधान की प्रति लहराने वालों के परिवार ने ही संविधान को कुचला था। किरेन रिजिजू ने कहा कि वे हिमाचल के जनजातीय इलाके के प्रवास पर रहेंगे और जनजातीय इलाकों में खेल के क्षेत्र में युवाओं को सौगात देंगे। उन्होंने सहयोग की मांग की और कहा कि विकास के लिए राज्य सरकार के सहयोग की जरूरत है।
6 जुलाई को धर्मशाला आएंगे
किरेन रिजिजू ने बताया कि केलांग को 26 करोड़ की लागत से सीवर प्रोजेक्ट मिलेगा। वे 6 जुलाई को परम पावन दलाई लामा के जन्मदिन पर धर्मशाला आएंगे। मीडिया के सवालों के जवाब में किरेन रिजिजू ने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि देश की आजादी के बाद कांग्रेस की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने बॉर्डर में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार नहीं किया, लेकिन मोदी सरकार आने के बाद बॉर्डर में बेहतरीन रोड बनाने का काम किया जा रहा है। वक्फ संशोधन बिल पर किरेन रिजिजू ने कहा कि यह मुसलमानों के खिलाफ नहीं है। वक्फ के पास असीमित अधिकार होना गैर-संवैधानिक था। मोदी सरकार ने संशोधन कर जरूरी बदलाव करने का काम किया है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

