-
Advertisement
Vinay Kumar ने संभाला Himachal Congress अध्यक्ष का पदभार,कार्यकर्ताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत
Himachal Congress President : आखिर लंबी लड़ाई के बाद हिमाचल में कांग्रेस का नया अध्यक्ष आज विनय कुमार के रूप में कुर्सी पर बैठ ही गया। रेणुका जी से तीन बार के विधायक चुने गए विनय कुमार ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, पार्टी की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और विनय कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिमाचल कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने आज शिमला में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल भी मौजूद रही।@RahulGandhi @DrRajeshHPCC @rajanipatil_in @kharge @priyankagandhi @vidit_congress @SukhuSukhvinder @virbhadrasingh @Jairam_Ramesh pic.twitter.com/RVND4ATFLG
— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) November 30, 2025
संगठन की देरी हमारी वजह से नहीं हुई
प्रतिभा सिंह ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि विनय कुमार संगठन की मजबूती के लिए दिन-रात काम करेंगे। वह कड़ी मेहनत कर संगठन को मजबूत करेंगे, जिससे आगामी चुनाव में सरकार बनाने में मदद होगी। इसके साथ ही उन्होंने संगठन में देरी के सवाल पर कहा कि संगठन की देरी हमारी वजह से नहीं हुई। कई बार हमने यह बात हाईकमान तक पहुंचाई। हाईकमान ने ही इसमें विलंब किया।
कांग्रेस दोबारा सत्ता में वापसी करेगी
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विनय कुमार तीन बार के विधायक और कांग्रेस विचारधारा से जुड़े युवा नेता हैं। वे अनुसूचित जाति से संबंध रखते हैं और उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। बुजुर्गों के अनुभव और युवाओं के जोश के साथ कांग्रेस मजबूत होकर आगे बढ़ेगी। विनय कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस दोबारा सत्ता में वापसी करेगी।विनय कुमार के नेतृत्व में निश्चित तौर पर एकजुटता से सरकार में वापसी करेंगे। बुजुर्गों के आशीर्वाद और युवाओं के जोश और होश से आगे बढ़ेंगे।
मजबूती से पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे
हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पटेल ने कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विनय कुमार मजबूती से पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे। पार्टी में सभी वर्ग के कार्यकर्ताओं का ध्यान रखा जाएगा।जल्द ही प्रदेश कांग्रेस को ज़िलाध्यक्ष भी मिल जाएंगे। इसकी प्रक्रिया संगठन सृजन अभियान के तहत जारी है।
संगठन का पुनर्गठन करना बड़ी चुनौती होगी
नए प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद पार्टी हाईकमान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन का पुनर्गठन करना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी, लेकिन वे पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ इसे पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि वे सरकार और संगठन के बीच तालमेल की मजबूत कड़ी बनकर काम करेंगे और कांग्रेस को आधारभूत स्तर पर सशक्त करेंगे।
-पंकज शर्मा
