-
Advertisement
हिमाचल में शून्य दाखिले वाले 24 सरकारी स्कूल बंद, इन चार जिलों के स्कूल हैं शामिल
Himachal Govt schools De-notifying: हिमाचल सरकार ने शून्य दाखिले वाले 24 सरकारी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से डी-नोटिफाई करने का आदेश जारी किया है। इनमें 19 प्राइमरी स्कूल और 5 मिडिल स्कूल शामिल हैं। इन स्कूलों में एक भी बच्चा पंजीकृत नहीं था। विभाग ने इसे बंद करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा था। इस वजह से स्कूलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। शिक्षा सचिव राकेश कंवर की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। ये स्कूल शिमला, सिरमौर, सोलन और लाहौल और स्पीति जिलों में स्थित हैं।

औपचारिकताएं पूरी कर रिपोर्ट भेजें
शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि इन स्कूलों में तैनात शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों, भवन, रिकॉर्ड और अन्य संसाधनों का समायोजन सरकार द्वारा पहले जारी दिशा-निर्देशों के तहत किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं पूरी कर तत्काल अनुपालन रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।शिक्षा निदेशालय ने जिला स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस आदेश पर कार्रवाई करें और सभी कोडिंग व प्रशासनिक प्रक्रियाएं जल्द पूरी करें।
अभी तक 1376 स्कूल बंद व मर्ज किए
राज्य सरकार पिछले तीन साल में 1376 स्कूलों को बंद व मर्ज कर चुकी है। इससे पहले बीते 27 मार्च को 39 स्कूलों को भी बंद किया गया था। सरकार का तर्क है कि जिन स्कूलों में छात्र ही नहीं हैं, उन्हें चलाए रखना संसाधनों की बर्बादी है। ऐसे में इन स्कूलों को बंद कर शिक्षकों और संसाधनों का बेहतर उपयोग अन्य स्कूलों में किया जाएगा, जहां छात्रों की संख्या अधिक है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

