-
Advertisement
हिमाचल में हादसा: चालक को आया हार्ट अटैक, चंबा से ऊना जा रही बस हादसे की शिकार
Himachal Accident: हिमाचल में बिगड़े मौसम के बीच एक बड़ा हादसा हुआ है। चंबा से ऊना जा रही निजी बस नूरपुर के नियाजपुर में पलट गई। हादसा बस के चालक को हार्ट अटैक आने के बाद हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस हादसे में लगभग 26 लोग घायल हुए हैं। इस सभी घायलों का सिविल हॉस्पिटल नूरपुर में उपचार चल रहा है।जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

चंबा से साढ़े छह बजे चली थी निजी बस
निजी बस सुबह चंबा से साढ़े छह बजे चली थी और ऊना जा रही थी। 11 बजे के करीब नूरपुर के निजायपुर में शनिदेव के मंदिर के करीब पहुंचने पर हादसे का शिकार हो गई। इस बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिन्हें चोटें आई। अधिकांश यात्री चंबा के बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि चालक को हार्ट अटैक आया जिसके बाद बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य में जुट गए और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। गनीमत रही कि बस सड़क पर ही पलटी, यदि यह खाई में गिरती तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
घायलों को सिविल अस्पताल नूरपुर में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक रणबीर सिंह निक्का भी मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने प्रशासन को घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। पुलिस जिला नूरपुर की टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा चालक की तबीयत खराब होने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
ऋषि महाजन
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

