-
Advertisement
Sukhu Govt | Teachers | Transfer Policy |
हिमाचल शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर शिक्षकों के तबादले होंगे। सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति होने से यह फेरबदल करना जरूरी है। मंगलवार से सीबीएसई से संबद्ध 151 सरकारी स्कूलों में शिक्षकों को सब कैडर में शामिल करने के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विभाग अभी शिक्षकों को स्टेशन अलॉट करेगा। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग से अनुमति मांगी जाएगी, उसके बाद ही तबादलों की प्रक्रिया शुरू होगी। सीबीएसई से संबद्ध सरकारी स्कूलों में पहले चरण में छह हजार शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। इस पूरी प्रक्रिया के तहत 8 से 10 हजार शिक्षकों का बदला जाना तय है। प्रधानाचार्य, प्रवक्ता, टीजीटी, सीएंडवी, जेबीटी, पीइटी व डीपीई सहित अन्य श्रेणियों के शिक्षकों के तबादले होंगे। शिक्षा विभाग में बीच सत्र में न तो शिक्षकों के तबादले होते हैं न ही सेवानिवृति। 31 मार्च तक यह प्रतिबंध जारी रहता है और एक अप्रैल से इसे खोला जाता है। विभाग ने इस साल इस पर प्रतिबंध जारी रखा था। इसके पीछे तर्क यही दिया गया था कि सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों में नियुक्तियां की जानी है। इसके चलते पहले से कार्यरत शिक्षकों को अन्य स्कूलों में स्थानांतरित किया जाएगा।

