-
Advertisement
कुल्लू में भीषण सड़क हादसा: वोट देकर मेला देखने जा रहे लोगों की गाड़ी खाई में गिरी, 3 महिलाओं की मौ#त
Kullu Accident: कुल्लू जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। गुरुवार दोपहर लगघाटी क्षेत्र के बढ़ई (कुटलू ग्रां) में एक टाटा सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर करीब 350 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चे और ड्राइवर सहित 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज कुल्लू के क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है।
वोट डालने के बाद शिरड़ मेला देखने जा रहे थे
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे पेश आया। टाटा सूमो में ड्राइवर के अलावा 9 महिलाएं और एक बच्चा (कुल 11 लोग) सवार थे। बताया जा रहा है कि यह सभी लोग मतदान करने के बाद शिरड़ मेला देखने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बढ़ई के पास चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और सूमो सीधे 350 फीट गहरी खाई में लुढ़क गई।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
गाड़ी के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। भयानक आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई, जिनकी टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। खाई गहरी और रास्ता दुर्गम होने के कारण स्थानीय लोगों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घायलों को अपनी पीठ पर उठाया और मुख्य सड़क तक पहुंचाया। वहां से गाड़ियों के जरिए सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने जाना घायलों का हाल
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर भी घायलों का कुशल क्षेम जानने के लिए कुल्लू अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाया।
मामला दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
कुल्लू के SP मदन लाल ने हादसे में तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
तुलसी बाबा

