-
Advertisement
शिमला के जंगलों में भड़की भीषण आग, रिहायशी इलाकों तक पहुंची लपटें
Shimla Forest Fire: शिमला में लगातार बढ़ती गर्मी और बारिश की कमी अब जंगलों पर भारी पड़ने लगी है। शुक्रवार सुबह राजधानी शिमला के टुटीकंडी क्षेत्र में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते जंगल के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया ।
फायर ब्रिगेड और वन विभाग को सूचना दी
आग रिहायशी इलाकों में पहुंच रही है और लोगों को अपने घरों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।स्थानीय लोगों ने सुबह जंगल से उठता धुआं और आग की लपटें देखकर तुरंत फायर ब्रिगेड और वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग पर काबू किया गया
अग्निशमन अधिकारी नरेन्द्र सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुचें है और ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू किया गया है और स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों और टीमों को तैनात किया गया है। विभाग लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रहा है ताकि आग दोबारा न भड़के। वहीं लोगों से अपील की है कि जंगलों के आसपास किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और आग जैसी किसी भी घटना की तुरंत सूचना दें।
क्या कहते हैं पर्यावरण विशेषज्ञ
गौरतलब है कि गर्मियों के मौसम में शिमला और आसपास के जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बढ़ता तापमान, सूखा मौसम और मानवीय लापरवाही इन घटनाओं की बड़ी वजह बन रहे हैं। जंगलों में लगने वाली आग न केवल वन संपदा को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि वन्य जीवों और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है।
संजू चौधरी
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

