-
Advertisement
हिमाचल में पर्यटकों की गुंडागर्दी: परवाणू में HRTC बस के ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट
Himachal News: हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों द्वारा हुड़दंग और मारपीट के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला सोलन जिले के परवाणू का है, जहां पंजाब से आए पर्यटकों ने सरेआम हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पर्यटक कंडक्टर को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं।
रामपुर से अंबाला जा रही थी बस
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते बुधवार दोपहर करीब 4 बजे की है। शिमला जिले के रामपुर डिपो की HRTC बस (नंबर: HP-06B-4571) रामपुर से अंबाला की ओर जा रही थी। सोलन के परवाणू टोल प्लाजा के पास बस ड्राइवर गिरजा राम ने स्पीड ब्रेकर देखकर बस की रफ्तार कम की।बस के धीमे होते ही पीछे से आ रही पंजाब नंबर की एक कार (नंबर: PB-10-DF-0774) बस से टकरा गई।
पुलिस की मौजूदगी में की मारपीट
टक्कर के बाद कार में सवार पर्यटक बाहर निकले और HRTC कर्मियों के साथ उनकी तीखी बहस शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि पर्यटकों ने ड्राइवर और कंडक्टर के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। मारपीट के दौरान ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन पर्यटकों की बहस पुलिस के सामने भी जारी रही। बताया जा रहा है कि ये पर्यटक शिमला की सैर कर वापस पंजाब लौट रहे थे।
पुलिस ने दो लोगों को खिलाफ दर्ज किया मामला
मारपीट के बाद HRTC बस के कंडक्टर अमनजीत सिंह और ड्राइवर गिरजा राम ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 3 जून की देर शाम पंजाब के अमृतसर निवासी गजेंद्र और चमकोर सिंह के खिलाफ मामला (FIR) दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
HRTC कर्मचारियों में भारी रोष
इस घटना के बाद से HRTC कर्मचारियों में भारी गुस्सा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन सेवा में दिन-रात काम करने वाले कर्मचारियों के साथ इस तरह की हिंसक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।कर्मचारियों ने मांग की है कि ऐसे हुड़दंगी पर्यटकों और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके।यूनियन और कर्मचारियों का कहना है कि प्रदेश में पंजाब और हरियाणा से आने वाले कुछ पर्यटकों द्वारा बार-बार मारपीट और बदसलूकी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो बर्दाश्त के बाहर हैं।
संजू चौधरी

