-
Advertisement
आंगनबाड़ी वर्करों का हल्ला बोल: सचिवालय के बाहर भारी प्रदर्शन, सर्कुलर रोड पर लगा लंबा जाम
Anganwadi Workers Protest: हिमाचल प्रदेश में अपनी लंबित मांगों को लेकर आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर सड़कों पर उतर आई हैं। प्रदेशभर के अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्र आज बंद हैं। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शिमला स्थित राज्य सचिवालय के बाहर सीटू (CITU) के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन कर रही हैं।इस विशाल प्रदर्शन का सीधा असर राजधानी की यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। शिमला की लाइफलाइन कहे जाने वाले ‘सर्कुलर रोड’ पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया है। सचिवालय के बाहर बड़ी संख्या में महिलाओं के जुटने के कारण प्रशासन को ट्रैफिक वन-वे करना पड़ा है, जिसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। इस राज्यव्यापी प्रदर्शन में किन्नौर, सिरमौर, चंबा और लाहौल-स्पीति समेत प्रदेश के सभी जिलों से आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर हिस्सा लेने पहुंची हैं।
न्यूनतम वेतन भी नहीं मिल रहा
राज्य में वर्तमान में लगभग 37 हजार आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर कार्यरत हैं। इनकी मुख्य नाराजगी कम मानदेय को लेकर है। वर्कर का मानदेय लगभग 11,500 रुपए प्रतिमाह और हेल्पर का मानदेय लगभग 8,300 रुपए प्रतिमाह है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्हें सरकार द्वारा न्यूनतम मानदेय (Minimum Wage) भी नहीं दिया जा रहा है और वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्षरत हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के इस कार्यबहिष्कार और प्रदर्शन से प्रदेश भर में बच्चों और महिलाओं से जुड़ी ये सभी आवश्यक सेवाएं आज पूरी तरह से ठप पड़ गई हैं।
संजू चौधरी

