-
Advertisement
बद्दी के झाड़माजरी में उद्योग में लगी भीषण आग, 5 करोड़ रुपये का नुकसान
Fire in Baddi: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत झाड़माजरी में एक उद्योग में भीषण आग लग गई। इस भयानक अग्निकांड में करोड़ों रुपये की मशीनें और तैयार माल जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि दमकल विभाग ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया और आग को आसपास के अन्य उद्योगों तक फैलने से रोक दिया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।
जलकर राख हुईं करोड़ों की मशीनें
अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां और 15 कर्मचारी महज 8 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गए।आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
आग की लपटों ने देखते ही देखते उद्योग के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। कंपनी के जनरल मैनेजर नीरज त्यागी ने बताया कि इस अग्निकांड में कंपनी को लगभग 5 करोड़ रुपये का सीधा नुकसान हुआ है।
आग में ऑटोमेटिक पॉलिशिंग मशीन,प्लेटिंग प्लांट,लेजर और प्रिंटिंग मशीनें,महंगे टेस्टिंग उपकरण,भारी मात्रा में कच्चा माल और तैयार उत्पाद जल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। प्रशासन और संबंधित विभाग नुकसान का विस्तृत आकलन करने और आग लगने के कारणों की जांच में जुट गए हैं।
नरेंद्र ठाकुर

