-
Advertisement
जवाब सुनने का धैर्य रखे विपक्ष, जयराम को हटाने के लिए दिल्ली के चक्कर काट रहे BJP नेता
CM Sukhwinder Singh Sukhu: सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को छोटी काशी (मंडी) में ‘एंटी चिट्टा वॉकथॉन’ की अगुवाई की। इस दौरान उन्होंने जहां एक ओर नशे के खिलाफ पूरे समाज को एकजुट होने का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर विपक्षी दल बीजेपी और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तीखा सियासी हमला भी बोला।
विपक्ष में जवाब सुनने का धैर्य होना चाहिए: सीएम
मीडिया से बातचीत के दौरान आगामी विधानसभा शीतकालीन सत्र को लेकर सीएम सुक्खू ने विपक्ष को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को सरकार से सवाल पूछने और आरोप लगाने के साथ-साथ उनके जवाब सुनने का धैर्य भी रखना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानसभा जनहित के मुद्दों पर चर्चा का प्रमुख मंच है। विपक्ष को सदन में वाकआउट करने के बजाय कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए। केवल आरोप लगाने या वाकआउट करने से जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होता है।
बीजेपी में भारी गुटबाजी होने का दावा
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए सीएम सुक्खू ने बीजेपी में भारी गुटबाजी होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा में पांच अलग-अलग गुट बन चुके हैं, जिनके बीच सामंजस्य बैठाने की कोशिशें चल रही हैं। सीएम ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी के ही कुछ नेता जयराम ठाकुर को नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी से हटाने के लिए दिल्ली दरबार के चक्कर लगा रहे हैं।
नशे के खिलाफ लड़ाई में राजनीति न हो
चिट्टे (ड्रग्स) के खिलाफ अभियान को लेकर सीएम ने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है। उन्होंने मंडी जिले के अन्य विधायकों के कार्यक्रम में शामिल न होने पर तंज कसते हुए कहा कि अगर वे भी इस वॉकथॉन में शामिल होते तो अच्छा रहता। ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों के लिए किसी निमंत्रण की जरूरत नहीं होती है। प्रदेश सरकार ने करीब एक साल पहले युवाओं को साथ लेकर यह मुहिम शुरू की थी, जिसे राजनीतिक नजरिये से नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जाना चाहिए।

हजारों युवाओं के साथ निकाली गई वॉकथॉन
इससे पूर्व सीएम ने ऐतिहासिक पड्डल मैदान से लेकर सेरी मंच तक एंटी चिट्टा वॉकथॉन का नेतृत्व किया। इस जागरूकता रैली में हजारों की संख्या में छात्र, युवा, शिक्षक, अभिभावक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान सीएम सुक्खू ने युवाओं से नशे से दूर रहने की भावुक अपील की और सभी को ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ बनाने का सामूहिक संकल्प दिलाते हुए शपथ भी दिलाई।
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
