-
Advertisement
दुखद: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तेल टैंकर पर हमला, हमीरपुर के नाविक आदित्य शर्मा का नि#धन
Strait of Hormuz: हिमाचल प्रदेश के लिए एक दुखद खबर सामने आई है, जहां स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास एक तेल टैंकर पर हुए हमले में हमीरपुर जिला के एक युवा नाविक की मौत हो गई है। नाविक की पहचान 23 वर्षीय आदित्य शर्मा के रूप में हुई है। आदित्य शर्मा हमीरपुर जिला के गलोड़ के रहने वाले थे। वह तेल के टैंकर पर डेक कैडेट के पद पर तैनात थे। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनेवाल ने इस दुखद घटना और जनहानि की पुष्टि की है।
माता-पिता की इकलौती संतान थे आदित्य
आदित्य शर्मा अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे, उनके पिता जालंधर में निजी व्यवसाय करते हैं। उन्होंने 24 नवंबर 2025 को मर्चेंट नेवी में ड्यूटी ज्वाइन की थी और उनका 15 महीने का ट्रेनिंग पीरियड चल रहा था। आदित्य के चाचा संजीव लखनपाल ने बताया कि वह छह महीने के कॉन्ट्रैक्ट पर जहाज में ड्यूटी के लिए गए थे और 24 मई को वापस लौटने वाले थे। हालांकि, कुछ समय पहले आदित्य ने परिवार को बताया था कि वह आधी ट्रेनिंग पूरी करने के बाद ही घर आएंगे। इसी कारण उनका कॉन्ट्रैक्ट दो महीने के लिए बढ़ा दिया गया था।
सीएम सुक्खू ने जताया शोक
सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आदित्य शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
21 भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित, चीफ इंजीनियर अब भी लापता
विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस तेल टैंकर पर कुल 24 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। त्वरित कार्रवाई करते हुए इनमें से 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनेवाल ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि जहाज के चीफ इंजीनियर की तलाश अभी भी जारी है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास लापता नागरिकों को खोजने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर रहा है।
शोक की लहर और पार्थिव देह लाने के प्रयास
युवा नाविक आदित्य शर्मा के निधन की खबर से उनके पैतृक गांव गलोड़ और पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने आदित्य के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को “अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक” बताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह वज्रपात सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
अनुराग ठाकुर विदेश मंत्रालय के संपर्क में
विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने जानकारी साझा की है कि हमीरपुर के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर मामले पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। आदित्य शर्मा की पार्थिव देह को जल्द से जल्द सम्मानपूर्व क स्वदेश वापस लाने के लिए सांसद अनुराग ठाकुर विदेश मंत्रालय और संबंधित उच्च अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और हर संभव प्रयास कर रहे हैं।
अशोक राणा

