-
Advertisement
चि#ट्टा सेवन करते पकड़े गए तीन युवक, ग्रामीणों ने की जमकर पिटाई, कपड़े तक उतार डाले
Himachal News: मंडी और बिलासपुर जिले की सीमा पर स्थित त्रिफालघाट क्षेत्र में नशे के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। यहां ग्रामीणों ने तीन युवकों को कथित तौर पर ‘चिट्टा’ (ड्रग्स) का सेवन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा और कानून अपने हाथ में लेते हुए उनकी डंडों से जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
500-500 रुपए के हिसाब से चिट्टे की 16 पुड़ियां बेची
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में ग्रामीण पकड़े गए युवकों से सख्त पूछताछ करते नजर आ रहे हैं। गुस्से में आए ग्रामीणों ने युवकों की डंडों से पिटाई की। हालात इतने बेकाबू हो गए कि इस दौरान एक युवक के कपड़े तक उतार दिए गए। पूछताछ के दौरान एक युवक कैमरे के सामने कथित तौर पर यह स्वीकार करता सुनाई दे रहा है कि उसने 500-500 रुपए के हिसाब से चिट्टे की 16 पुड़ियां बेची हैं। वीडियो में वह युवक मंडी जिले के कुछ अन्य युवाओं के नाम भी लेता दिखाई दे रहा है, जो संभवतः इस नशे के नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं।
इलाके में भारी रोष, सख्त कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि त्रिफालघाट और आसपास के इलाकों में नशे का अवैध कारोबार लगातार पैर पसार रहा है, जिससे युवा पीढ़ी का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की तुरंत और निष्पक्ष जांच की जाए तथा नशा कारोबार से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
क्या कहती है पुलिस
डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम का कहना है यह मामला अभी सीधे तौर पर मेरे संज्ञान में नहीं आया है। प्रारंभिक जानकारी और भौगोलिक स्थिति के अनुसार, यह घटना घुमारवीं थाना क्षेत्र से संबंधित हो सकती है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की पूरी जानकारी जुटा रही है। तथ्यों की पुष्टि होने के बाद तुरंत आवश्यक और उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वीडियो कब का है और इसमें नजर आ रहे युवक कौन हैं, साथ ही कानून हाथ में लेने वाले लोगों पर भी पुलिस क्या कार्रवाई करती है, यह देखना बाकी है।
सुभाष

