-
Advertisement
हिमाचल के कुल्लू में दर्दनाक सड़क हादसा: पंजाब के 2 पर्यटकों की मौ#त, बच्ची समेत 3 घायल
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में आज एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ पंजाब के पर्यटकों की एक कार अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई है, जबकि एक आठ साल की बच्ची समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी पीड़ित पंजाब के कपूरथला के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मणिकर्ण जाते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कपूरथला से यह पर्यटकों का समूह मनाली घूमने आया था। आज दोपहर बाद सभी पर्यटक अपनी कार (नंबर: PB-08-FK-8223) से मणिकर्ण की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी गाड़ी अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में गिर गई।
स्थानीय लोगों ने चलाया बचाव अभियान
हादसे के चश्मदीद स्थानीय निवासी और स्वयंसेवी शेरा नेगी ने बताया कि उन्होंने गाड़ी को खाई में गिरते हुए देखा था। इसके तुरंत बाद वह अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे पर्यटकों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया।हादसे के दौरान एक टूरिस्ट ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई।मृतकों की पहचान परमिंदर और निधि के रूप में हुई है।
घायलों की स्थिति और पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। एसपी कुल्लू मदन लाल ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है।घायलों में से एक का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में इलाज चल रहा है, जबकि आठ साल की बच्ची समेत दो गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुल्लू अस्पताल भेज दिया है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
तुलसी बाबा

