- Advertisement

हिमाचल की महिला प्रधान के पति के दो हत्यारों का Encounter, हादसे के बाद भागने लगे थे आरोपी
Chandigarh Encounter : हिमाचल की महिला प्रधान के पति जानकी दास की हत्या के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जम्मू-कश्मीर के राजौरी से गिरफ्तार किए गए दो शूटरों को चंडीगढ़ लाते समय पुलिस का उनके साथ एनकाउंटर हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए पीजीआई (PGI) में भर्ती कराया गया है। इस पूरे घटनाक्रम और अब तक की जांच को लेकर चंडीगढ़ पुलिस आज दोपहर 12 बजे एक अहम प्रेस वार्ता करेगी।
धनाश के पास कैसे हुआ एनकाउंटर?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों को राजौरी (जम्मू-कश्मीर) के जंगली इलाके से जम्मू-कश्मीर पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया था। उन्हें चंडीगढ़ लाया जा रहा था, तभी धनाश के पास यह घटना हुई। चालक पुलिसकर्मी की आंख लग जाने के कारण पुलिस की गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। हादसे का फायदा उठाकर पीछे बैठे दोनों शूटरों ने गाड़ी से उतरकर भागने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने जब उन्हें रुकने को कहा और पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपियों ने एक कांस्टेबल की पिस्टल छीन ली। एक शूटर ने इंस्पेक्टर सेखों पर सीधा फायर झोंक दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। आत्मरक्षा और आरोपियों को रोकने के लिए पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों शूटरों की टांगों में गोली लगी।
रोहड़ू से था मृतक जानकी दास का संबंध
आरोपियों ने शिमला जिले के रोहड़ू के रहने वाले कैशियर जानकी दास की निर्मम हत्या कर दी थी। वे पिछले 24 सालों से चंडीगढ़ में काम कर रहे थे।उनकी पत्नी ईना मच्छरेट हाल ही में रोहड़ू के दलगांव से पंचायत प्रधान चुनी गई हैं। इससे पहले वह पीजीआई में अटेंडेंट के तौर पर कार्यरत थीं।इस हत्याकांड को कुल तीन आरोपियों ने अंजाम दिया था। दो ने फायरिंग की थी, जबकि तीसरा बाहर बाइक पर इंतजार कर रहा था। घटना के बाद आरोपियों ने सेक्टर-43 बस स्टैंड के सामने सेक्टर-52 (कजेहड़ी) से नए कपड़े खरीदे। एक नाई की दुकान में कपड़े बदलने के बाद वे ऑटो से बस स्टैंड पहुंचे और वहां से बस पकड़कर दिल्ली भाग गए। दिल्ली पहुंचने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए ट्रेन के जरिए जम्मू के राजौरी स्थित जंगलों में जाकर छिप गए थे।
पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड
जांच में सामने आया है कि जो तीसरा आरोपी अभी फरार है, उसी ने मुख्य रूप से गोलियां चलाई थीं और उसने ट्राईसिटी में रहकर पहले रेकी भी की थी। इस बीच, हत्याकांड के तुरंत बाद शहर में नाकेबंदी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस ने अपने 5 कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। इनमें तीन महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
पंकज शर्मा

