- Advertisement

हिमाचल पुलिस कांस्टेबल भर्ती के नए नियम: फिजिकल टेस्ट में डोप टेस्ट अनिवार्य, E-ऑप्शन न भरने पर कटेंगे अंक
Himachal Police Constable Recruitment: हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के 734 पदों पर भर्ती के लिए हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। पुलिस बल की गुणवत्ता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इस बार भर्ती प्रक्रिया को बेहद सख्त और पारदर्शी बनाया गया है। भर्ती के इतिहास में पहली बार शारीरिक परीक्षा के दौरान ‘डोप टेस्ट’ को अनिवार्य किया गया है, वहीं लिखित परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का प्रावधान भी शामिल किया गया है।
491 पुरुष और 243 महिला पदों पर नियमित भर्ती
भर्ती अभियान के तहत 491 पुरुष कांस्टेबल और 243 महिला कांस्टेबल के पदों को नियमित आधार पर भरा जाएगा। चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को पे मैट्रिक्स लेवल-3 के तहत 20,200 रुपये से 64,000 रुपये का वेतनमान मिलेगा। इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। साथ ही, अभ्यर्थी ने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई हिमाचल प्रदेश के ही किसी स्कूल या बोर्ड से की हो (यह शर्त हिमाचल के मूल निवासियों पर लागू नहीं होगी)। इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए आयोग ने 600 रुपये का समान आवेदन शुल्क तय किया है।
पहली बार अनिवार्य होगा डोप टेस्ट
भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए इस बार नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है। शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होने से पहले पुलिस विभाग सभी उम्मीदवारों का डोप टेस्ट कर सकता है। इसमें नारकोटिक्स और ओपिएट्स (नशीले पदार्थों) के सेवन की जांच की जाएगी। यदि कोई भी अभ्यर्थी इस टेस्ट में दोषी या असफल पाया जाता है, तो उसे तुरंत भर्ती प्रक्रिया से बाहर (अयोग्य) कर दिया जाएगा।
चार चरणों में होगी भर्ती, 100 अंकों से बनेगी फाइनल मेरिट
यह पूरी भर्ती प्रक्रिया चार मुख्य चरणों में पूरी होगी:
शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET)
ऑब्जेक्टिव टाइप लिखित परीक्षा होगी, ऑफलाइन 90 अंकों की
दस्तावेज सत्यापन (डीवी)
मेडिकल परीक्षण
अंतिम मेरिट सूची कुल 100 अंकों के आधार पर बनेगी, जिसमें लिखित परीक्षा के 90 अंक, शारीरिक ऊंचाई के अधिकतम 6 अंक और एनसीसी (NCC) प्रमाणपत्र के अधिकतम 4 अंक शामिल होंगे।
लिखित परीक्षा में निगेटिव मार्किंग का नया नियम
इस बार लिखित परीक्षा में गलत उत्तर देने पर 0.25 (एक-चौथाई) अंक की कटौती की जाएगी। यदि किसी प्रश्न के एक से अधिक विकल्प चुने जाते हैं, तो उसे भी गलत मानकर पेनल्टी लगाई जाएगी। परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए ओएमआर (OMR) शीट में एक नया ‘E’ विकल्प (गोला) जोड़ा गया है। यदि कोई अभ्यर्थी किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहता, तो उसे ‘E’ विकल्प को काला करना होगा। यदि कोई प्रश्न पूरी तरह खाली छोड़ दिया जाता है और कोई भी गोला नहीं भरा जाता, तो उसे भी गलत उत्तर माना जाता है और 0.25 अंक काट लिए जाएंगे।
शारीरिक मानक: पुरुषों के लिए 5.30 मिनट में 1500 मीटर दौड़
शारीरिक परीक्षा के लिए कड़े मानक तय किए गए हैं। सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 5 फीट 6 इंच और महिलाओं के लिए 5 फीट 2 इंच जरूरी है। आरक्षित श्रेणियों (SC, ST, OBC, गोरखा और होमगार्ड) को नियमानुसार छूट दी गई है। शारीरिक दक्षता में पुरुष अभ्यर्थियों को 1500 मीटर की दौड़ 5 मिनट 30 सेकंड में और महिला अभ्यर्थियों को 800 मीटर की दौड़ 3 मिनट 45 सेकंड में पूरी करनी होगी। इसके अलावा 100 मीटर दौड़, हाई जंप और ब्रॉड जंप के मापदंडों को भी पूरा करना अनिवार्य होगा।
पुलिस भर्ती की नोटिफिकेशन के लिए यहां क्लिक करें
अनु गुप्ता

