- Advertisement

हिमाचल के डमटाल में बड़ा हादसा: अमरनाथ यात्रियों से भरी बस पलटी, 57 श्रद्धालु थे सवार
Himachal Accident: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के तहत डमटाल थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मोहटली रैंप के पास अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 16 यात्री घायल हो गए हैं। बस में कुल 57 श्रद्धालु सवार थे।
सर्विस लेन में पलटी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमरनाथ यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालुओं ने जम्मू से देहरादून जाने के लिए एक निजी बस किराए पर ली थी। जैसे ही बस राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मोहटली रैंप के पास पहुंची, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क किनारे बनी सर्विस लेन में जाकर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर पहुंचा प्रशासन, घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही डीसीपी नूरपुर संजीव यादव के नेतृत्व में डमटाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना में घायल हुए 16 यात्रियों को तुरंत सिविल अस्पताल इंदौरा और सिविल अस्पताल पठानकोट ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।
रविंद्र चौधरी

