- Advertisement

रामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: HRTC बस खाई में गिरी, परिचालक समेत दो की मौ#त, कई घायल
HRTC Bus Accident: शिमला जिला के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। रामपुर–खड़ाहण–कोटाधार–खोलीघाट रूट पर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बस परिचालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए हैं।

दुर्घटना बुधवार शाम करीब 6:30 बजे गरटोला के पास हुई। हादसे के समय बस (एचपी 06ए 6454) में करीब 22 यात्री सवार थे। मृतकों की पहचान बस परिचालक जय प्रकाश नेगी (निवासी घड़ोली, ननखड़ी) और 72 वर्षीय डाकू राम (निवासी शाहदू, ननखड़ी) के रूप में हुई है।

अस्पताल पहुंचे एसडीएम, घायलों का उपचार जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए खनेरी (रामपुर) स्थित महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी खुद अस्पताल में मौजूद रहकर राहत व उपचार कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

प्रशासन ने दी फौरी राहत
डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने राहत नियमों के तहत एक मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि मौके पर जारी कर दी है, जबकि दूसरे मृतक के परिजनों को रिपोर्ट आते ही राहत राशि प्रदान कर दी जाएगी। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।
संजू चौधरी

