- Advertisement

दो महीने बाद होनी थी शादी, संदिग्ध परिस्थितियों में लापता 26 वर्षीय वैशाली का जंगल में मिला शव
Himachal News: ऊना के उपमंडल गगरेट के अम्बोआ गांव से बीती 19 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 26 वर्षीय वैशाली का शव उसके घर के समीप ही एक जंगलनुमा इलाके से बरामद हुआ है। वैशाली की दो महीने बाद शादी होने वाली थी, लेकिन इस तरह अचानक उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है।
घटनास्थल की स्थिति ने खड़े किए कई सवाल
शव मिलने के बाद घटनास्थल की परिस्थितियों ने इस मामले को और अधिक रहस्यमयी बना दिया है। शव के पास एक पेड़ की टहनी से चुन्नी बंधी हुई पाई गई है। हालांकि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग सकता है, लेकिन जिस टहनी से चुन्नी बंधी थी, उसकी ऊंचाई बेहद कम है, जिससे हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता।बरामद शव काफी फूला हुआ मिला है। मौत किन परिस्थितियों में और कब हुई, यह केवल वैज्ञानिक जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा।
19 जुलाई को बाजार जाने के लिए निकली थी वैशाली
जानकारी के अनुसार, वैशाली 19 जुलाई को घर से बाजार जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शुरुआती जांच में सामने आया था कि युवती बस में सवार होकर गगरेट की ओर गई थी, जिसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया था।
पुलिस की शुरुआती कार्रवाई पर उठे सवाल
शव बरामद होने के बाद अब स्थानीय लोगों और परिजनों की ओर से पुलिस की शुरुआती कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। फोन बंद होने के बाद आखिरी लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालने में कितनी तत्परता दिखाई गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू—चाहे वह आत्महत्या हो, हत्या हो या कोई अन्य षड्यंत्र—की गहनता से जांच की जा रही है।
सुनैना जसवाल

