- Advertisement

चंबा में बारिश से हाहाकार: परेल, सुल्तानपुर और घोलटी में भारी तबाही, कई वाहन दबे, घरों में घुसा मलबा
Flash Flood in Chamba: चंबा में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। लगातार बरसे बादलों के कारण पूरे जिले में जनजीवन बुरी तरह पटरी से उतर गया है। बारिश के चलते परेल, सुल्तानपुर और घोलटी सहित कई इलाकों में भूस्खलन और जलभराव से भारी नुकसान की सूचना है। रात भर हुए इस प्राकृतिक प्रकोप से स्थानीय लोग खौफ के साये में रहे।घोलटी में डंगा गिरने कई गाड़ियां मलबे में दब गई और हाईवे पर कुछ ट्रक मलबे में दब गए। चंबा पठानकोट नेशनल हाईवे मलबा आने से बंद हो गया है।

संपर्क मार्ग ठप्प, खेतों और निजी संपत्तियों को पहुंचा नुकसान
पहाड़ों से बहकर आए मलबे और पत्थरों के कारण कई मुख्य व संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप्प हो गई है। कई जगहों पर पानी और गाद लोगों के खेतों और निजी संपत्तियों में घुस गई, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रात भर पानी के तेज बहाव और भूस्खलन की आहट से लोग सो नहीं सके और अनहोनी के डर से जागकर रात बिताने को मजबूर हुए।तडोली नाले के तेज बहाव में आया मलबा और पत्थर एक स्टोर में घुस गए। इससे वह स्टोर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अतिरिक्त, आसपास के कई घरों में भी मलबा घुस गया, जिससे निवासियों को काफी परेशानी हुई। सुल्तानपुर नाले ने भी रौद्र रूप धारण कर लिया, जिससे स्थानीय लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
चंबा मेंमूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार हुई तेज बारिश के कारण परेल, सुल्तानपुर, घोलटी सहित कई क्षेत्रों में भारी तबाही देखने को मिली। #Heavyrain #Chamba #flashflood #Sarol #vehicles #damaged #Himcalweather #Himachalabhiabhi pic.twitter.com/KJ4P3Gql0i
— Himachal Abhi Abhi (@himachal_abhi) July 28, 2026
राहत और बचाव में जुटा प्रशासन, अलर्ट जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मुस्तैद हो गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के साथ-साथ बंद पड़े मार्गों से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। प्रशासन नुकसान का सटीक आकलन करने में लगा हुआ है।मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की हिदायत दी है।खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। किसी भी आपात स्थिति या खतरे की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन, आपदा प्रबंधन केंद्र या नजदीकी पुलिस थाने को दें।”
राहुल कुमार

