- Advertisement

पठानकोट-मंडी हाईवे पर भीषण हादसा: 53 मील में पुल की रेलिंग तोड़कर खड्ड में गिरा ट्रक, दो की मौ#त
Himachal Accident: पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। 53 मील के पास खोली को जोड़ने वाले पुल पर एक पंजाब नंबर का 16-टायरी ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा रेलिंग को तोड़ते हुए खड्ड में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। मृतकों की पहचान मनु महाजन ( 39 )पुत्र बृजमोहन निवासी गांव काइस्थवाडी तहसील नगरोटा और रणधीर लुम्बा (51) पुत्र नरेश कुमार निवासी वार्ड नंबर 4 नगरोटा बगवां के रूप में हुई है
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, पंजाब नंबर का भारी 16-टायरी ट्रक देर रात पठानकोट-मंडी हाईवे से गुजर रहा था। जैसे ही ट्रक 53 मील और खोली को जोड़ने वाले पुल के ऊपर पहुँचा, चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू ट्रक पुल की पक्की रेलिंग को तोड़ता हुआ सीधे नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए और जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग दहल उठे।
दो की मौके पर मौत, चालक की तलाश जारी
स्थानीय लोगों ने तुरंत दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी और राहत कार्य में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में चालक सहित कुल तीन लोग सवार थे। खड्ड में गिरे ट्रक से जब लोगों को बाहर निकाला गया, तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं, चालक मौका देखकर घटनास्थल से फरार होने में कामयाब रहा।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और पंजाब स्थित संबंधित ट्रांसपोर्टर से भी संपर्क साधा जा रहा है ताकि मृतकों और चालक की पहचान की पुष्टि की जा सके।
राहुल कुमार
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

