- Advertisement

सोलन में सनसनीखेज वारदात: बेटे को बचाने पहुंची मां की धक्का लगने से दर्दनाक मौ#त, आरोपी गिरफ्तार
Himachal News: सोलन अंतर्गत उपमंडल अर्की की ग्राम पंचायत शहरोल के कुईरू गांव में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश को लेकर हुए झगड़े के दौरान अपने बेटे को बचाने पहुंची एक महिला की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
रास्ते में रोककर गले से पकड़ा, शराब की बोतल से हमला करने का प्रयास
पुलिस को दी शिकायत में मृतक महिला के बेटे शुभम (निवासी कुईरू) ने बताया कि वह बीते कल शाम करीब सात बजे अपने घर के पास सड़क पर टहलने निकला था। रात करीब नौ बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी गांव के ही 44 वर्षीय अनु नामक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के कारण उसे रास्ते में रोक लिया और गले से पकड़ लिया। शुभम किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर नीचे की तरफ भागा और उसने तुरंत अपनी मां मीना देवी और पत्नी दीक्षा को फोन करके मौके पर बुलाया। आरोप है कि इस दौरान अनु ने अपनी शराब की बोतल निकालकर शुभम पर हमला करने की कोशिश की, हालांकि शुभम के बचाव करने पर बोतल जमीन पर गिरकर टूट गई।
बीच-बचाव करने पर दिया धक्का, 10 फीट नीचे गिरीं मीना देवी
घटनास्थल पर पहुंची शुभम की मां मीना देवी और पत्नी दीक्षा ने तुरंत बीच-बचाव करते हुए शुभम को छुड़ाने का प्रयास किया। इसी हाथापाई में आरोपी अनु ने मीना देवी को जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगने से मीना देवी संतुलन खो बैठीं और पास में बने एक मकान के आंगन में लगभग 10 फीट नीचे जा गिरीं। सिर और नाक पर गंभीर चोटें आने के कारण वे लहुलोहान हो गईं। वहीं, धक्का लगने से शुभम की पत्नी दीक्षा भी सीढ़ियों के पास गिरकर चोटिल हो गई।
अस्पताल में चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
घटना के तुरंत बाद शुभम ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल मीना देवी को आनन-फानन में नागरिक अस्पताल अर्की ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोलन के SP एस.डी. वर्मा ने बताया महिला के बेटे की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अदालत से आरोपी का तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
नरेंद्र ठाकुर
हिमाचल अभी अभी की सभी खबरों के पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

